Rahul Gandhi: लोकसभा में ऐसा क्या हुआ कि स्पीकर ने राहुल को पढ़ाया मर्यादा का पाठ, जिससे अनजान रही कांग्रेस?
Rahul Gandhi News: लोकसभा में बुधवार को उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब स्पीकर ओम बिरला ने नेता प्रतिपक्ष (LOP) राहुल गांधी को मर्यादा का पाठ पढ़ाया। बाद में सदन को अचानक स्थगित किया गया। जिसको लेकर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे अलोकतांत्रिक करार दिया।
कांग्रेस के सांसद और लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई ने अन्य नेताओं के साथ इस मुद्दे पर बाद लोकसभा स्पीकर से भी मुलाकात की और उनसे जवाब लेने की कोशिश की। हालांकि, कांग्रेस का दावा है कि उन्हें इस पर स्पष्ट और संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।

Rahul Gandhi: राहुल ने सदन में बोलने की अनुमति नहीं मिलने का लगाया है आरोप
बुधवार को शून्यकाल के दौरान जब सांसद अपने-अपने राज्यों से जुड़े मुद्दे उठा रहे थे, तभी स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही के दौरान कहा कि सांसदों, विशेष रूप से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं के दावे के मुताबिक जैसे ही राहुल गांधी अपनी बात रखने के लिए खड़े हुए, स्पीकर ने सदन को स्थगित कर दिया। इसके बाद राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा को अलोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है और पिछले एक सप्ताह से उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
Rahul Gandhi Congress: नहीं पता चला कि स्पीकर ने अचानक ऐसा निर्णय क्यों लिया- कांग्रेस
स्पीकर के इस फैसले के बाद कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें लोकसभा में उपनेता गौरव गोगोई भी शामिल थे, उनसे मिलने पहुंचे। इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में गोगोई ने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आया कि स्पीकर ने अचानक ऐसा निर्णय क्यों लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार लगातार नेता प्रतिपक्ष (LOP) के संवैधानिक पद का अनादर कर रही है।
गौरव गोगोई ने कहा, 'राहुल गांधी को बोलने क्यों नहीं दिया गया? स्पीकर ने जो टिप्पणी की, वह उनके विशेषाधिकार में आती है, लेकिन संसदीय परंपरा यह भी कहती है कि जब नेता प्रतिपक्ष कोई मुद्दा उठाना चाहते हैं, तो उन्हें सुना जाना चाहिए। मोदी सरकार जानबूझकर इस संवैधानिक पद को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।'
Rahul Gandhi Lok Sabha: स्पीकर ओम बिरला ने राहुल को मर्यादा का पाठ पढ़ाते हुए क्या कहा?
लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी को टोकते हुए कहा था, "माननीय सदस्य गण, आप सबसे यह अपेक्षा की जाती है कि आप सदन में सदन की मर्यादा और उच्च मानदंडों को बनाए रखें... इस सदन में पिता-पुत्री, मां-बेटी, पत्नी-पति सदस्य रहे हैं, इस परिप्रेक्ष्य में मेरा नेता प्रतिपक्ष (LOP) से अपेक्षा है कि वे लोकसभा प्रक्रिया में पालनीय नियम 349 के अनुसार आचरण करें।"
Rahul Gandhi: बीजेपी ने स्पीकर की टिप्पणी पर क्या प्रतिक्रिया दी है?
वहीं, बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें राहुल गांधी सदन के भीतर अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के गाल को छूते हुए उन्हें सीट से उठने का इशारा करते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो के साथ मालवीय ने लिखा, 'यह शर्मनाक है कि लोकसभा स्पीकर को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बुनियादी संसदीय शिष्टाचार की याद दिलानी पड़ी। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस ने इस अपरिपक्व व्यक्ति को हम पर थोपा है।'
Rahul Gandhi: कांग्रेस मोदी सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का लगा रही है आरोप
जबकि, कांग्रेस केंद्र सरकार पर निशाना साध रही है कि संसद में विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। गोगोई ने आरोप लगाया कि सरकार संसद में विपक्षी नेताओं के माइक्रोफोन बंद कर रही है, महत्वपूर्ण मंत्रालयों से जुड़े प्रश्नों पर चर्चा नहीं की जाती और प्रश्नकाल के दौरान मंत्रियों से संतोषजनक उत्तर नहीं मिलते।
गौरव गोगोई ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पॉडकास्ट में कहते हैं कि असहमति लोकतंत्र की आत्मा है, लेकिन जब संसद में असहमति जताई जाती है, तो उसे दबाने की कोशिश की जाती है। विपक्ष के नेताओं, विशेष रूप से नेता प्रतिपक्ष को संविधान द्वारा दी गई गरिमा से वंचित किया जा रहा है।'












Click it and Unblock the Notifications