केरल में बोले राहुल गांधी- पीएम मोदी नफरत से लोगों को तोड़ रहे, मैं पुल बनाने में लगा
पीएम मोदी नफरत से लोगों को तोड़ रहे, मैं पुल बनाने में लगा
नई दिल्ली, 29 सितंबर: कांग्रेस सासंद राहुल गांधी आज केरल में हैं। केरल पहुंचने के बाद मल्लपुरम में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने देश की परिभाषा को लेकर आरएसएस को निशाने पर लिया। राहुल ने कहा कि सावरकर जैसे लोग एक नक्शा खींचकर देश बनाते हैं लेकिन समझना होगा कि देश कागज पर नहीं बनता है। देश वहां रहने वाले लोगों से बनता है। मेरे लिए तो लोग ही देश हैं। प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने का कि पीएम देश के लोगों के आपसी रिश्तों को तोड़ रहे हैं।

राहुल ने यहां कहा, आज एक सवाल लगातार पूछा जा रहा है कि भारत क्या है? अगर आप सावरकर जैसे लोगों को पढ़ेंगे तो वे कहेंगे कि भारत के भूगोल की बात करेंगे। वे कलम लेते हैं, नक्शा खींचते हैं और कहते हैं कि यह भारत है। इस रेखा के बाहर यह भारत नहीं है और इस रेखा के अंदर यह भारत है। फिर एक सवाल उठता है कि क्या होता अगर यह नक्शा होता लेकिन इस क्षेत्र में रहने वाले लोग नहीं होते। अगर इस क्षेत्र में लोग नहीं होते तो आप यह नहीं कहते कि यह भारत है। मेरे लिए यहां रहने वाले लोग भारत हैं ना कि कोई नक्शा भारत है।
पीएम मोदी को लिया निशाने पर
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, वे कहते हैं कि भारत एक क्षेत्र है, हम कहते हैं कि भारत लोग हैं, रिश्ते हैं। यह हिंदू और मुस्लिम के बीच, हिंदू, मुस्लिम और सिख के बीच, तमिल, हिंदी, उर्दू, बंगाली के बीच का संबंध है। पीएम मोदी के साथ मेरी समस्या यह है कि वह इन रिश्तों को तोड़ रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने आगेकहा, अगर वह (नरेंद्र मोदी) भारतीयों के बीच रिश्ते तोड़ रहे हैं, तो वह भारत के विचार पर हमला कर रहे हैं। इसलिए मैं उसका विरोध करता हूं। वो भारतीयों के बीच के रिश्ते को तोड़ते हैं तो यह मेरा कर्तव्य है कि मैं भारत के लोगों के बीच पुल बनाने का काम करूं। हर बार जब वह दो भारतीयों के बीच एक पुल को तोड़ने के लिए नफरत का इस्तेमाल करते हैं, तो मेरा काम उस पुल को फिर से बनाने के लिए प्यार का इस्तेमाल करना है। जाहिर है कि मैं इस देश में विभिन्न परंपराओं, विचारों, विभिन्न धर्मों, विभिन्न संस्कृतियों को समझे बिना पुल नहीं बना सकता। इसलिए मैं इस देश को लगातार समझ भी रहा हूं।
आज केरल पहुंचे हैं राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को केरल के दौरे पर पहुंचे हैं। राहुल गांधी के पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका कोझिकोड हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया। केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी मल्लपुरम, कोकिझाड में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। राहुल यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों के अलावा आम लोगों से भी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले महीने भी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड का दौरा किया था।












Click it and Unblock the Notifications