
हम जीएसटी, चीन, नोटबंदी पर बोलते हैं तो संसद में हमारे माइक बंद कर दिए जाते हैं: राहुल गांधी

Recommended Video
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब राजस्थान में है। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार पर हमलावर हैं। राहुल गांधी ने कहा कि जब हम संसद में नोटबंदी पर बोलना चाहते हैं, जीएसटी या फिर चीन के मुद्दे पर बोलना चाहते हैं, हमारे माइक को बंद कर दिया जाता है, कैमरा हमारी ओर कभी भी नहीं आता है। यही नहीं राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा के स्पीकर राजस्थान के हैं, लोकसभा टीवी को उनका चेहरा ज्यादा पसंद है, पूरे 24 घंटे वो सिर्फ उन्ही का चेहरा दिखाते हैं।
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा अपने 91वें दिन में पहुंच गई है। बड़ी संख्या में यात्री कोचिंग कैपिटल कोटा पहुंच चुकी है। कोटा में भारत जोड़ो यात्रा दारा स्टेशन गणेश मंदिर से सुबह 6 बजे से शुरू हुई थी। अभी तक इस यात्रा ने 2400 किलोमीटर का सफर तय कर लिया है। यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। पहले चरण मे हर रोज तकरीबन 13 किलोमीटर का राहुल गांधी सफर तय कर रहे थे। यात्रा के दौरान यात्री दोपहर को 3.30 बजे ब्रेक लेते हुए, शाम को 6.30 बजे यात्री सासा रिजॉर्ट पहुंचे थे।
राहुल गांधी ने आज सुबह अपनी यात्रा की शुरुआत गणेश मंदिर में दर्शन के साथ शुरू की थी। यहां पर उन्होंने आदिवासी कामगारों से मुलाकात की ती। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, राजस्थान कांग्रेस के चीफ गोविंद सिंह, प्रदेश सरकार में मंत्री महेश जोशी, समेत कई नेताओं ने राहुल गांधी का यात्रा में साथ दिया। सुबह 5.30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद इस यात्रा की शुरुआत हुई थी। इससे पहले जब राहुल गांधी राजस्थान पहुंचे थे तो उन्होंने कहा था कि हम महात्मा गांधी की पार्टी से हैं, हम सावरकर की पार्टी से नहीं हैं, हम तपस्या करने से नही डरते हैं।