महंगाई को लेकर पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी, बोले- सिर्फ अपने दोस्तों को फायदा पहुंचा रहे
नई दिल्ली, 04 सितंबर। कांग्रेस की हल्ला बोल रैली से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि राजा सिर्फ अपने दोस्तों को फायदा पहुंचा रहा है, जबकि आम जनता को आज कुछ भी जरूरी सामान खरीदने से पहले दस बार सोचना पड़ता है। प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बढ़ती कीमतों और महंगाई के लिए जिम्मेदार हैं। राहुल ने कहा कि मैं और हमारी पार्टी आम लोगों की आवाज महंगाई के खिलाफ उठाती रहेगी। बता दें कि कांग्रेस आज दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल हल्ला बोल रैली कर रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई के खिलाफ हम आवाज उठाते रहेंगे। राजा को हमारी बात सुननी पड़ेगी। राहुल गांधी ने ट्वीट करके पीएम मोदी पर यह हमला बोला है। उन्होंने लिखा, राजा मित्रों की कमाई में व्यस्त प्रजा महंगाई से त्रस्त। आज, लोगों को ज़रूरत का सामान खरीदने से पहले भी दस बार सोचना पड़ रहा है। इन तकलीफों के लिए सिर्फ प्रधानमंत्री ज़िम्मेदार हैं। हम महंगाई के खिलाफ आवाज़ें जोड़ते जाएंगे, राजा को सुनना ही पड़ेगा।
बता दें कि राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पिछले हफ्ते इटली में थे। सोनिया गांधी की मां पाओला माइनो का 27 अगस्त को निधन हो गया था। इटली से राहुल गांधी आज ही दिल्ली पहुंचे हैं, वह यहां हल्ला बोल रैली में हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी की अगुवाई में होने वाली आज की रैली काफी अहम है क्योंकि पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने हाल ही में पार्टी को अलविदा कहा था।












Click it and Unblock the Notifications