हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद भड़के राहुल गांधी, बोले- सत्ता की सनक में भाजपा लोकतंत्र तबाह कर रही
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जिस तरह से ईडी ने गिरफ्तार किया है उसपर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा ED, CBI, IT आदि अब सरकारी एजेंसियां नहीं रहीं, अब यह भाजपा की 'विपक्ष मिटाओ सेल' बन चुकी हैं। खुद भ्रष्टाचार में डूबी भाजपा सत्ता की सनक में लोकतंत्र को तबाह करने का अभियान चला रही है।
बता दें कि हेमंत सोरेन ने राजभवन में राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया। जिसके बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हेमंत सोरेन ईडी की टीम के साथ ही राजभवन पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने हेमंत सोरेन के इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन द्वारा झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र को स्वीकार किया। गिरफ्तारी के बाद हेमंत सोरेन ने झारखंड हाई कोर्ट में ईडी के समन के खिलाफ याचिका दायर की है।
इस मामले की सुनवाई गुरुवार को सुबह 10.30 बजे होगी। इस बीच हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन रांची स्थिति ईडी के दफ्तर पहुंची हैं। इसके साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायकों ने राज्यपाल से मिलकर नई सरकार के गठन का दावा पेश किया है। पार्टी के नेताओं ने दावा किया है कि उनके पास 47 विधायकों का समर्थन है।
वहीं झारखंड सरकार में मंत्री बन्ना गुप्ता का कहना है कि हमने चंपाई सोरेन को अपना नेता चुन लिया है। विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया है। वह प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। हमने राज्यपाल से मिलकर उन्हें शपथ ग्रहण कराने की अपील की है। हमारे सभी विधायक हमारे साथ हैं।


Click it and Unblock the Notifications
