Delhi Violence: दिल्ली हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, कांग्रेस भी जवाब दे: केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर दिल्ली में पिछले दो दिनों से हिंसा भड़की हुई है इस घटना में अब तक एक हेड कॉन्स्टेबल समेत 7 की मौत हो चुकी है,वहीं इस हिंसा के दौरान जिस तरह से एक व्यक्ति ने 8 राउंड फायरिंग की थी, उसकी पहचान कर ली गई है, उसका नाम शाहरुख है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है तो वहीं दिल्ली में भड़की हिंसा के लिए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कांग्रेस को निशाने पर लिया है, उन्होंने पार्टी युवराज राहुल गांधी से इस बारे में जवाब मांगा है।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बोले- ट्रंप के दौरे के वक्त हिंसा एक साजिश
उन्होंने कहा है कि कांग्रेस लगातार सीएए का विरोध कर रही है, ऐसे में कांग्रेस और राहुल गांधी को यह बताना चाहिए कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे के वक्त हिंसा करके देश की छवि बिगाड़ने की कोशिश कौन कर रहा है, इससे किसी को कोई फायदा नहीं होने वाला है।

'दिल्ली हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी'
साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि दिल्ली हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, दो महीने से वहां धरना चल रहा है। केंद्र ने उन्हें शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने का मौका दिया लेकिन कल की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुलग रही है दिल्ली, जारी है हिंसक प्रदर्शन
आपको बता दें कि सोमवार को सुबह CAA के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोग और समर्थक आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच में जमकर पत्थरबाजी की गई है और कई गाड़ियों में आग लगाने के साथ ही उपद्रवियों ने दुकानों में भी तोड़फोड़ की, हिंसक प्रदर्शन लगातार जारी है, इलाके में धारा 144 लगा दी गई है।
सीएम ने बुलाई मीटिंग
हिंसक प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अर्जेंट मीटिंग बुलाई है। हिंसा प्रभावित इलाकों के सभी विधायक और अधिकारी शामिल होंगे।

सभी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा
मालूम हो कि नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में भड़की हिंसा को देखते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस इलाके के सभी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की। वहीं आज होने वाली सभी परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications