'प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं उसका कोई मतलब नहीं होता'
नई दिल्ली। गुजरात चुनाव के दौरान जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर हमला साधा था और पाकिस्तान के पूर्व मंत्री के साथ गुप्त बैठक का आरोप लगाया था उसे लेकर संसद में जमकर हंगामा हुआ। लेकिन इस हंगामे को खत्म करने के लिए खुद वित्त मंत्री अरुण जेटली आगे और उन्होंने पीएम मोदी का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने किसी तरह की कोई टिप्पणी पूर्व पीएम और पूर्व उपराष्ट्रपति को लेकर नहीं की। उन्होंने कहा वो साफ करना चाहते हैं कि पीएम मोदी ने किसी तरह को कोई सवाल अपने भाषणों में मनमोहन सिंह पर नहीं उठाया है। इस पर कांग्रेस सांसद और राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि इस तरह के कमेंट पीएम के पद के लिए ठीक नहीं, वो चाहते हैं कि भविष्य में इस तरह की बातें ना दोहराई जाएं। माना जा रहा था कि दोनों ही दलों के बीच इस इस तरह के बयान के बाद अब गतिरोध खत्म हो जाएगा लेकिन इसके बीच राहुल गांधी ने एक बार फिर से पीएम मदोी पर निशाना साधा है।

ट्वीट कर साधा निशाना
राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा कि डियर मिस्टर जेटली, यह याद दिलाने के लिए शुक्रिया कि प्रधानमंत्री जो कहते हैं वह होता नहीं है और जो होता है वह कहते नहीं हैं। इसके बाद राहुल ने हैशटैग बीजेपी लाइज़ लिखा है। इस ट्वीट में राहुल गांधी ने अरुण जेटली के भाषण का वीडियो भी साझा किया है और पीएम मोदी का भी भाषण साझा किया है जिसमे वह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पूर्व उपराष्ट्रपति पर निशाना साधते हैं।

संसद में हुआ था हंगामा
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के घर हुई बैठक पर सवाल उठाते हुए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर आरोप लगाया था कि पाकिस्तान के साथ मिलकर भाजपा को गुजरात चुनाव हराने की साजिश रची जा रही है। इसे लेकर मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुनाव जीतने के लिए झूठ फैलाने का आरोप लगाया। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस पीएम नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग को लेकर शीतकालीन सत्र में लगातार हंगामा कर रही थी।

काफी अहम दिन है संसद का
हालांकि यह मुद्दा जेटली और गुलाम नबी आजाद के बयान के बाद माना जा रहा था कि खत्म हो जाएगा, लेकिन जिस तरह से एक बार फिर से राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है, वह इस मुद्दे को नई हवा दे सकता है। आज संसद में कई अहम बिल पेश होने हैं जिसमे तीन तलाक के खिलाफ बिल पेश होना है और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज कुलभूषण जाधव मामले पर अपना बयान देंगी।












Click it and Unblock the Notifications