पी. चिदंबरम से मिलने तिहाड़ जेल पहुंचे राहुल गांधी और प्रियंका
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल में बंद कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम से मिलने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार सुबह तिहाड़ जेल पहुंचे हैं। आईएनएक्स मीडिया केस में पी. चिदंबरम के खिलाफ सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय ने मामला दर्ज किया हुआ है।

इसके पहले, चिदंबरम की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को बुधवार तक के लिए टाल दिया था। चिदंबरम ने जमानत खारिज करने के दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी।
आईएनएक्स मीडिया केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पी चिदंबरम को सीबीआई ने 21 अगस्त को दिल्ली स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था। जिसके बाद से चिदंबरम जेल में हैं। सीबीआई के मामले में उन्हें जमानत मिल चुकी है लेकिन वो जेल से बाहर नहीं आ सके क्योंकि उससे पहले ही कोर्ट ने ईडी को उनकी हिरासत दे दी। अब वो ईडी की हिरासत में हैं।
चिदंबरम आईएनएक्स मीडिया मामले में 27 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में हैं। चिदंबरम ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। उनके वकील कपिल सिब्बल ने जमानत याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट से कहा था कि चिदंबरम पिछले 90 दिनों से जेल में बंद हैं, ऐसे में उन्हें जमानत दी जाए। पिछली सुनवाई (20 नवंबर) पर सुप्रीम कोर्ट ने चिदंबरम की जमानत याचिका पर ईडी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
बता दें कि 2007 में चिदंबरम के वित्तमंत्री रहते हुए आईएनएक्स मीडिया ग्रुप को 305 करोड़ रुपये का विदेशी धन हासिल करने के लिए विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड की मंजूरी में अनियमितता बरते जाने के आरोप है। मामले में गिरफ्तार पी चिदंबरम इस समय तिहाड़ जेल में बंद हैं। उनके बेटे कार्ति चिदंबरम भी आरोपी हैं, वो भी मामले में जेल में रह चुके हैं और अभी जमानत पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications