लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को फिर मजबूत करेंगे राहुल गांधी, भारत जोड़ो यात्रा पार्ट-2 की तैयारी
राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता चली गई है और करीब 8 महीने बाद आम चुनाव हैं। ऐसे में वो कांग्रेस को मजबूत करने के लिए नया प्लान बना रहे। इसके तहत वो 'भारत जोड़ो यात्रा' पार्ट-2 करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक पिछली 'भारत जोड़ो यात्रा' को कांग्रेस सफल मान रही, क्योंकि हिमाचल और कर्नाटक में उसकी सरकार पूर्ण बहुमत से बनी है। ऐसे में अब इस यात्रा के दूसरे चरण की प्लानिंग हो रही।

कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी सितंबर महीने से दूसरा चरण शुरू कर सकते हैं। इसके यात्रा रूट पर पार्टी काम कर रही है। साथ ही उम्मीद जताई जा रही कि उससे लोकसभा चुनाव 2024 में उसे फायदा मिलेगा। इस यात्रा का मकसद देश के लोगों से जुड़ना, उनकी चिंताओं को समझना और आगामी 2024 लोकसभा चुनावों के लिए समर्थन जुटाना है।
4,080 की दूरी तय की
पहली भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक हुई। ये पिछले साल शुरू हुई थी, जो जनवरी 2023 में खत्म हुई। कांग्रेस के मुताबिक 145 दिनों में राहुल और उनकी टीम ने 4080 किमी का सफर तय किया। साथ ही यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से होकर गुजरी।
पार्टी के मुताबिक राहुल गांधी ने 12 जनसभाएं और 100 से ज्यादा बैठकें कीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने आए। कई ने उनके सामने अपनी समस्याएं भी बताईं, जिनको हल किया गया।
क्या पूर्वोत्तर से पश्चिम तक होगी यात्रा?
वैसे कांग्रेस ने अभी तक इस यात्रा के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। सूत्रों के मुताबिक पहला चरण दक्षिण भारत से उत्तर तक था, ऐसे में दूसरे चरण की प्लानिंग पूर्वोत्तर से पश्चिम तक हो रही है। पूर्वोत्तर के राज्य कांग्रेस के लिए काफी अहम हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों में वहां बीजेपी का वर्चस्व बढ़ गया है।









Click it and Unblock the Notifications