राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के कहने पर भी नहीं किया ये काम, BJP के आरोप पर कांग्रेस ने किया पलटवार
गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित 'एट होम रिसेप्शन' में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पारंपरिक उत्तर-पूर्वी पटका न पहनने को लेकर विवाद छिड़ गया है। इस वर्ष का यह रिसेप्शन उत्तर-पूर्वी राज्यों की थीम पर आधारित था। प्रधानमंत्री से लेकर विदेशी मेहमानों तक सभी ने पटका पहना, लेकिन राहुल गांधी इसे पहनने के बजाय हाथ में पकड़े नजर आए।
भाजपा ने इसे उत्तर-पूर्व के लोगों का अपमान बताया, वहीं कांग्रेस ने इसी कार्यक्रम में मौजूद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की बिना पटका वाली तस्वीर साझा कर पलटवार किया।

राष्ट्रपति के दो बार कहने पर भी राहुल गांधी ने नहीं पहना पटका
भाजपा ने राहुल गांधी के इस आचरण को उत्तर-पूर्व के लोगों के प्रतीक चिन्ह के प्रति असंवेदनशील करार दिया। भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जो फोटो शेयर की उसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पटका पहने दिखे, जबकि राहुल गांधी बिना पटके के ही नजर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दो बार याद दिलाए जाने के बावजूद राहुल गांधी ने पटका नहीं पहना।
भाजपा बोली- राहुल गांधी मांगे माफी
अमित मालवीय द्वारा साझा की गई तस्वीरों के माध्यम से बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य मेहमानों ने पटका पहना था, जबकि राहुल गांधी बिना पटका के दिखे। वहीं बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह पूर्वोत्तर और उसकी संस्कृति से नफरत करते हैं। असम सीएम ने कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस ने रक्षा मंत्री की फोटो शेयर कर उठाया सवाल
हालांकि, भाजपा के इन आरोपों पर कांग्रेस ने भी तुरंत पलटवार किया। कांग्रेस नेताओं ने 'एट होम रिसेप्शन' के लिए राष्ट्रपति भवन में मौजूद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह भी बिना पटका के ही दिखाई दे रहे थे।
रक्षा मंत्री भी बिना पटका के आए नजर
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या वह राजनाथ सिंह से भी माफी की मांग करेंगे। खेड़ा ने इसे देश और असम में कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने की भाजपा की रणनीति करार दिया।
कांग्रेस ने इसे 'फर्जी ड्रामा' करार दिया
वहीं भाजपा के गंभीर आरोपों के जवाब में कांग्रेस ने इसे 'फर्जी ड्रामा' करार दिया। मणिकम टैगोर ने कहा कि राहुल गांधी का पूर्वोत्तर से जुड़ाव सर्वविदित है और 'भारत जोड़ो यात्रा' इसका पुख्ता सबूत है। कांग्रेस ने बीजेपी पर संवैधानिक संस्था राष्ट्रपति भवन को भी राजनीति का मंच बनाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता नासिर हुसैन ने बीजेपी के दावों को खारिज करते हुए कहा, "उस समय का CCTV निकाल लें, रिकॉर्डिंग निकाल लें। झूठ सामने आ जाएगा। मैं खुद वहां था, मैंने देखा है कि उनको गमछा पहनाया गया और वह पहनकर लॉन तक गए।"












Click it and Unblock the Notifications