झारखंड : रघुबर दास ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, पीएम मोदी नहीं आये
रांची| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रघुबर दास ने रविवार को झारखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। लेकिन इस ऐतिहासिक पलों में सर्द मौसम ने खलल डाल दिया। जिसकी वजह से पीएम मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गृहमंत्री राजनाथ सिंह इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा नहीं बन पाये।

जिसके लिए पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, "मैं रघुबर दास को झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की बधाई देता हूं और उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।मैं शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने झारखंड की यात्रा करने वाला था, लेकिन मैं खराब मौसम के कारण वहां नहीं जा सकता।"
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार मौसम का सबसे सर्द दिन रहा, जब सुबह न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से नीचे पहुंच गई है।मोदी ने कहा कि झारखंड की जनता ने स्थिरता के लिए मतदान किया है। उन्होंने कहा, "मैं उन्हें बधाई देता हूं और आने वाले सालों में झारखंड सफलता की नई ऊंचाईयां छुए, इसकी कामना करता हूं।"
मालूम हो कि सीएम रघुबर दास पहले गैर-जनजातीय समुदाय के व्यक्ति हैं, जो राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं। जमशेदपुर पूर्व से पांच बार विधायक रहे रघुबर दास (60) झारखंड के 10वें मुख्यमंत्री हैं। रघुबर दास के साथ 4 और मंत्रियों ने भी आज शपथ ली है।
गौरतलब है कि झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा तथा इसकी गठबंधन पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) को बहुमत हासिल हुआ है। भाजपा ने 37 सीटें, जबकि आजसू ने पांच सीटें जीती हैं।












Click it and Unblock the Notifications