राफेल डील: कांग्रेस के आरोपों पर रक्षा मंत्रालय की सफाई, वायुसेना के लिए UPA सरकार ने राफेल का चुनाव किया
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक जैसी भ्रामक बातें राफेल डील को लेकर की जा रही है वो राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वाला है। इस डील में पारदर्शिता बरती गई है।
नई दिल्ली। कांग्रेस को पूरी राफेल डील में घोटाला नजर आ रहा है। राफेल विमान सौदे को लेकर मोदी सरकार पर कांग्रेस ने न सिर्फ हमला बोला है, बल्कि घोटाले का आरोप भी लगाया है। कांग्रेस ने राष्ट्रीय हित एवं सुरक्षा के साथ सौदा करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इस सौदे में कोई पारदर्शिता नहीं है। राहुल गांधी और कांग्रेस के आरोपों के बाद रक्षा मंत्रालय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि राफेल डील को लेकर भ्रामक खबरें फैलाई जा रही है। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि किसी निजी कंपनी से राफेल डील नहीं की गई है।

UPA सरकार ने राफेल का चुनाव किया था
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि राफेल डील के डिटेल्स उपलब्ध कराना सुरक्षा के लिए खतरा है। जहां तक कीमत की बात है राफेल सौदे की कुल कीमत पहले ही संसद में बताई जा चुकी है। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय वायुसेना के लिए UPA सरकार ने राफेल का चुनाव किया था। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक जैसी भ्रामक बातें राफेल डील को लेकर की जा रही है वो राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वाला है। इस डील में पारदर्शिता बरती गई है।

राहुल गांधी ने लगाए आरोप
बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धन्यवाद प्रस्ताव पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पीएम का भाषण पूरी तरह राजनीतिक था और वो जवाब देने के बजाय आरोप लगा रहे थे। कांग्रेस फ्रांस के साथ वायुसेना के लिये लड़ाकी विमानों की खरीद से जुड़े राफेल डील में अनियमितता का आरोप लगाया है। साथ ही केंद्र सरकार से लगातार जवाब भी मांग रही है। कांग्रेस का आरोप है कि लोकसभा में पीएम के भाषण में रोजगार, किसानों और राफेल डील का कोई जिक्र नहीं किया। राहुल गांधी ने कहा, 'वो एक घंटे से ज्यादा देर तक बोले लेकिन राफेल डील, रोजगार, किसानों और युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर कुछ भी नहीं बोले। ये पूरी तरह से राजनीतिक भाषण था।'

राफेल विमान क्या है?
राफेल एक फ्रांसीसी कंपनी डैसॉल्ट एविएशन निर्मित दो इंजन वाला मध्यम मल्टी-रोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एमएमआरसीए) है. राफेल लड़ाकू विमानों को 'ओमनिरोल' विमानों के रूप में रखा गया है, जो कि युद्ध में अहम रोल निभाने में सक्षम हैं. ये बखूबी ये सारे काम कर सकती है- वायु वर्चस्व, हवाई हमला, जमीनी समर्थन, भारी हमला और परमाणु प्रतिरोध।












Click it and Unblock the Notifications