Radhika Yadav Case: पुलिस ने राधिका यादव को लेकर किया बड़ा खुलासा, उलझने लगी मर्डर की गुत्थी!
Radhika Yadav Case: राधिका मर्डर केस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने हत्यारोपी पिता दीपक यादव को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने दीपक यादव को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने दीपक यादव को अदालत में पेश तो किया लेकिन रिमांड की मांग नहीं की। इस केस में पुलिस के दावे से नया मोड़ आ गया है। गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि राधिका यादव की अपनी एकेडमी नहीं थी और वह अलग-अलग जगहों पर टेनिस कोर्ट बुक करके खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देती थीं, जिस पर उनके पिता आपत्ति जताते थे।
पहली थ्योरी कहां उलझ रही?
गुरुवार को गुरुग्राम के सेक्टर 57 स्थित सुशांत लोक इलाके में स्थित अपने दो मंजिला घर में 25 वर्षीय राधिका यादव की उनके पिता दीपक यादव (49) ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पहले पुलिस का कहना था कि राधिका एक टेनिस एकेडमी चलाती थीं, जो दोनों के बीच विवाद का कारण बन गई थी क्योंकि दीपक को अक्सर अपनी बेटी की कमाई पर निर्भर रहने के लिए ताने मारे जाते थे। आरोपी आर्थिक रूप से संपन्न था और उसे उसकी तमाम प्रॉपर्टीज से किराया मिलता था, इसलिए अपनी बेटी की कमाई पर निर्भर नहीं था। इसके अलावा ये भी बात सामने आ रही है कि वह पिछले कुछ हफ्तों से तानों के कारण डिप्रेशन में था। लेकिन अब ये बात गलत होती दिख रही है।

'राधिका के पास नहीं थी अपनी एकेडमी'
इंडिया टुडे में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक एक जांच अधिकारी ने बताया, "राधिका की अपनी कोई एकेडमी नहीं थी। वह अलग-अलग जगहों पर टेनिस कोर्ट बुक करके नए खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देती थी। दीपक ने उसे कई बार ट्रेनिंग सेशन बंद करने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। यही पिता-पुत्री के बीच झगड़े का सबसे बड़ा कारण था।"
राधिका के फ्लैट से क्या-क्या मिला?
रिमांड के दौरान पुलिस ने उसके सेक्टर 57 स्थित आवास से पांच गोलियां और एक ज़िंदा कारतूस बरामद किया। जांच के सिलसिले में दीपक को पटौदी के एक गांव भी ले जाया गया। एक करीबी रिश्तेदार के अनुसार, दीपक ने बचपन से ही राधिका के टेनिस करियर में उसका साथ दिया था। उन्होंने ये भी बताया कि दीपक ने हाल के दिनों में अपनी बेटी से कई बार ट्रेनिंग बंद करने को कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया।
उलझ रहा है केस!
फिलहाल, ट्रेनिंग एकेडमी न होने की बात का खुलासा होने के बाद अब ये केस उलझने लगा है। ऐसा लग रहा है कि मामले की जड़ कहीं और है और जो अभी तक सामने आया वो तस्वीर पूरी तरह से साफ नहीं हो पा रहा है। इस मामले में जो भी अपडेट आएंगे वनइंडिया आप तक पहुंचाता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications