अकाली समर्थकों ने की दो दलित महिलाओं की सरेआम पिटाई, घटना का वीडियो वायरल
चंडीगढ़। पंजाब के फरीदकोट जिले में दो महिलाओं की पिटाई का मामला सामने आया है। फरीदकोट के कोटकपुरा में कुछ लोगों द्वारा दो दलित महिलाओं की बुरी तरह पिटाई की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। दोनों महिलाओं की पिटाई होती रही और सामने भीड़ तमाशबीन बनी रही, किसी ने भी महिलाओं को बचाने की कोशिश नहीं की।

अकाली समर्थकों ने की दो दलित महिलाओं की सरेआम पिटाई
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों महिलाओं ने आरोप लगाया है कि पिटाई करने वाले अकाली दल समर्थक थे और वे उनकी दुकान में तोड़फोड़ करने आए थे। पीड़िता रानी ने कहा कि उसका पति ससुर की दूसरी पत्नी का बेटा है। उसके ससुर का निधन हो गया, इसलिए संपत्ति का विवाद उसकी पहली पत्नी के बच्चों और उसके परिवार के बीच चल रहा है।

घटना का वीडियो वायरल
रानी ने कहा, 'जब मैं वहां पहुंची, तो मैंने देखा कि सुखदेव सिंह (आरोपी) हमारी दुकान से सामान निकालकर बाहर फेंक रहा था। जब मैंने रोकने की कोशिश की तो सुखदेव ने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी और मुझे और मेरे परिवार के सदस्य को दुकान से बाहर खींच लिया। सुखदेव और उसके साथवालों ने हमारे बाल खींचे, हमें गालियां दीं और हमें बुरी तरह मारा।'

पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की
रानी ने कहा कि जब हमारी आवाज सुनकर भीड़ इकट्ठा होने लगी, तो वे दुकान से दो कैमरा लेकर भाग गए। वहीं, दलित महिलाओं की पिटाई के मामले को लेकर भीम आर्मी ने हंगामा किया। भीम आर्मी आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज करने करने की मांग कर रही है। पूरे मामले पर फरीदकोट के एसपी गुरमीत कौर ने कहा कि इस मामले में आईपीसी की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications