Delhi Election: 'हर चीज पर लागू की GST, महंगाई ने किया जीना मुहाल', प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर कसा तंज
Delhi Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को सीमापुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने सरकार द्वारा जीएसटी लगाए जाने को लेकर विरोध जताया और कहा कि आजकल हर चीज पर जीएसटी लागू कर दी गई है, जिससे लोगों की जिंदगी महंगी हो गई है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि बच्चों की स्कूल ड्रेस, मोजे, जूते, साड़ी, बिंदी, कॉपी-किताबों पर भी जीएसटी लगाया गया है। इसके अलावा, पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी महंगी हो गई हैं और देशभर में महंगाई की स्थिति गंभीर हो गई है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि संसद में बजट पर भाषण हुआ, लेकिन महंगाई पर एक भी शब्द नहीं बोला गया।

प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दिल्ली में हैजा फैला था, तब राजीव गांधी खुद लोगों से मिलने आए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री मोदी ने कभी दिल्ली के सीमापुरी जैसे इलाकों का दौरा किया है? प्रियंका ने कहा कि राजीव गांधी प्रधानमंत्री रहते हुए हमेशा जनता के बीच रहते थे, जबकि आज पीएम मोदी से सवाल पूछने पर लोग जेल भेजे जा रहे हैं।
भाजपा के मुद्दों को बताया फिजूल
कांग्रेस महासचिव ने स्वतंत्रता संग्राम की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह देश का सबसे अद्भुत आंदोलन था, जिसमें हर धर्म और वर्ग के लोग शामिल हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और उनके समर्थक अंग्रेजों के साथ थे और कभी स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा नहीं लिया, इसलिए वे आज देश की समस्याओं को समझ नहीं पा रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनके परिवार के बारे में जो टिप्पणी की, वह पूरी तरह से राजनीति की चाल थी। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने राष्ट्रपति की उम्र और थकावट पर सहानुभूति व्यक्त की थी, लेकिन भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा बना दिया। प्रियंका ने कहा कि सरकार महंगाई और बेरोजगारी की समस्याओं पर चर्चा करने की बजाय फिजूल के मुद्दों पर समय बर्बाद कर रही है।
उठायें महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
प्रियंका गाँधी ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान ही बीजेपी और AAP को महिलाओं की याद आई है, लेकिन पिछले 10 सालों में इन दलों ने महिलाओं की सुरक्षा पर कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और अकेले बाहर जाने में डर महसूस करती हैं। ज्ञात हो कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications