'प्रियंका गांधी लापता', केरल पुलिस के पास कांग्रेस सांसद की गुमशुदगी की गई शिकायत, कौन है ये शख्स
Priyanka Gandhi missing report: केरल में विपक्षी दलों के बीच 'लापता सांसद' को लेकर शिकायत दर्ज कराने का सिलसिला जारी है। हाल ही में भाजपा ने वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंदन पल्लियारा ने वायनाड जिला पुलिस प्रमुख को सौंपी है।
पल्लियारा ने अपनी शिकायत में बताया कि प्रियंका गांधी पिछले तीन महीनों से वायनाड से नदारद हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चूरलमाला में हुई भीषण आपदा के दौरान भी वह मौजूद नहीं थीं, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान गई थी।

शिकायत में कहा गया है, "सांसद प्रियंका गांधी को इनमें से किसी भी प्रभावित इलाके में नहीं देखा गया। वायनाड में राज्य की सबसे ज़्यादा आदिवासी आबादी है, फिर भी आदिवासी समुदाय की समस्याओं के समाधान के लिए सांसद की कोई मौजूदगी नहीं रही।" पल्लियारा ने पुलिस प्रमुख से आग्रह किया है कि उनकी शिकायत को स्वीकार कर लापता सांसद प्रियंका गांधी का पता लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
दरअसल, भाजपा का ये कांग्रेस पर पलटवार है, क्योंकि केरल कांग्रेस के छात्र संगठन केरल स्टूडेंट यूनियन (केएसयू) ने केंद्रीय मंत्री और त्रिशूर के सांसद सुरेश गोपी के खिलाफ भी इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई थी।
केएसयू ने सुरेश गोपी के खिलाफ त्रिशूर ईस्ट पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया था कि छत्तीसगढ़ में मलयाली ननों की विवादास्पद गिरफ्तारी के बाद से वह अपने निर्वाचन क्षेत्र से गायब हैं। केएसयू के त्रिशूर अध्यक्ष गोकुल गुरुवायुर ने कहा, "पिछले दो महीनों से सांसद सुरेश गोपी त्रिशूर के किसी भी कार्यक्रम से पूरी तरह गायब रहे हैं।"
गुरुवायुर ने यह भी जोड़ा, "यहां तक कि महापौर और राजस्व मंत्री भी उनसे संपर्क नहीं कर पाए हैं। सुरेश गोपी के कार्यालय से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके ठिकाने या वापसी की तारीख के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने छत्तीसगढ़ में मलयाली ननों की गिरफ्तारी के मुद्दे को मनगढ़ंत बताया था।"
कौन हैं पलियारा मुकुंदन?
पलियारा मुकुंदन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा, केरल के राज्य अध्यक्ष हैं। उनकी यह नियुक्ति जुलाई 2025 में भाजपा केरल के राज्य अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर द्वारा घोषित एक नेतृत्व पुनर्गठन का हिस्सा थी। उन्होंने पहले के पदाधिकारियों का स्थान लिया और अब भाजपा की जनजातीय मामलों पर केंद्रित राज्य-स्तरीय इकाई का नेतृत्व करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications