'मेरे पिता को दौलत नहीं, शहादत विरासत में मिली', प्रियंका गांधी ने PM मोदी को दिया जवाब
Priyanka Gandhi Morena Rally: देश में विरासत टैक्स को लेकर मचे बवाल के बाद भाजपा सहित पीएम मोदी कांग्रेस पर जमकर हमालवर है। पीएम मोदी ने विरासत टैक्स को लेकर कांग्रेस को जमकर घेरा। वहीं अब पीएम मोदी के बयानों पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जोरदार पलटवार किया।
पीएम मोदी को जवाब देते हुए प्रियंका गांधी वाद्रा ने गुरुवार को कहा कि उनके पिता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को अपनी मां से संपत्ति नहीं, बल्कि शहादत विरासत में मिली थी।

पीएम मोदी को प्रियंका का जवाब
वंशवादी राजनीति और विरासत टैक्स पर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, "यह एक ऐसी भावना है जिसे नरेंद्र मोदी कभी नहीं समझ पाएंगे।"
मालूम हो कि पीएम मोदी ने पिछले हफ्ते कहा था कि राजीव गांधी ने सत्ता में आने के बाद विरासत टैक्स को खत्म कर दिया था, ताकि उन्हें अपनी मां से विरासत में मिली संपत्ति पर टैक्स ना लगे।
'मेरे पिता को देशद्रोही कहते हैं...'
मध्य प्रदेश के मुरैना में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी के इस बयान पर पलटवार करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, "जब मोदी जी मंच पर खड़े होते हैं और मेरे पिता को देशद्रोही कहते हैं, जब वह कहते हैं कि उन्होंने अपनी मां से विरासत लेने के लिए कानून बदल दिया। वह यह नहीं समझेंगे कि मेरे पिता को विरासत में कोई संपत्ति नहीं मिली, उन्हें केवल शहादत की भावना मिली है।''
अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने कहा, "19 साल की उम्र में जब मैं अपने शहीद पिता के टुकड़े घर लाईं तो मैं इस देश से नाराज थी। मुझे पता है शहादत का क्या मतलब होता है? आज मैं 52 साल की हूं और यह पहली बार है जब मैं इसके बारे में सार्वजनिक रूप से बात कर रही हूं।"
उन्होंने कहा, "यह शहादत की भावना है। मोदी जी इसे कभी नहीं समझेंगे। मोदी जी इंदिरा जी जैसी शहीद के बारे में जो चाहें कहते हैं। उन्हें केवल वंशवाद की राजनीति दिखती है, उन्हें देशभक्ति, देश सेवा कभी नहीं दिखती। वह कभी नहीं समझेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications