कांग्रेस नेता का दावा- PMO की प्री-बजट बैठकों में नहीं बुलाई गईं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
नई दिल्ली। अगले महीने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करने जा रही हैं। आम बजट से पहले कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने दावा किया है कि बजट को लेकर होने वाली बैठकों के लिए खुद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को नहीं शामिल किया गया है। जबकि इन बैठकों को पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में बजट पूर्व बैठकें हो रही हैं, लेकिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को आमंत्रित नहीं किया जा रहा है। यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीतारमण के प्रदर्शन से खुश नहीं थे, तो उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मोदी ने 13 पूर्व-बजट परामर्श बैठकें आयोजित कीं जिनमें शीर्ष उद्योगपतियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि, आश्चर्यजनक रूप से, इनमें से किसी भी बैठक में सीतारमण को आमंत्रित नहीं किया गया था।
चव्हाण ने कहा, यह (सीतारमण को बैठकों से बाहर रखना) पूरे वित्त मंत्रालय के कर्मचारियों का मनोबल गिराएगा। क्योंकि यह विचलित करने वाला है। इससे पहले प्री बजट मीटिंग में निर्मला के शामिल नहीं होने के लेकर भी सवाल खड़े हुए थे। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में केंद्रीय बजट से पहले देश के टॉप इकनॉमिस्ट से मुलाकात की थी। इस प्री-बजट मीटिंग में केंद्र के सभी बड़े मंत्री मौजूद रहे।
इन बैठकों में गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और नितिन गडकरी जैसे नाम शामिल थे। लेकिन इस बैठक से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गायब थीं। वित्त मंत्री के मीटिंग में गायब रहने पर विपक्षी नेताओं के अलावा सोशल मीडिया यूजर्स ने भी सवाल उठाए थे।












Click it and Unblock the Notifications