प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर अभिनेत्री रेणुका शहाणे का रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल
मुंबई। नागरिकता संशोधन कानून पर जामिया मिल्लिया इस्लामिया में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन चल रहा है। मामला इतना तूल पकड़ चुका है कि रविवार शाम दिल्ली के जामिया नगर से लगे सराय जुलैना के पास डीटीसी की तीन बसों को आग के हवाले कर दिया गया। जामिया के छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने यूनिवर्सिटी में घुसकर उनसे मारपीट की है। प्रदर्शन अभी भी जारी है और अब जामिया के छात्रों को देश के कई विश्वविद्यालयों के छात्रों का समर्थन मिल रहा है। कुछ बॉलीवुड हस्तियों ने भी जामिया के समर्थन में अपनी राय रखी है। दरअसल हुआ ये कि हिंसक प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में शांति बनाए रखने को लेकर एक ट्वीट किया था। इस पर एक्ट्रेस रेणुका शहाणे ने रिप्लाई करते हुए ट्वीट किया है।

पीएम सर, असली असली टुकड़े-टुकड़े गैंग तो आपके...
अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट पर रीट्वीट करते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा- सर प्लीज आप लोगों से कहें कि वे आपके सारे आईटी सेल ट्विटर हैंडल से दूर रहे। वे अधिकांश अफवाहें फैलाते हैं। उनकी बातों में झूठ अधिक होता है और वे भाईचारे, शांति व एकता के पूरी तरह खिलाफ हैं। आपकी आईटी सेल ही असली टुकड़े-टुकड़े गैंग है। कृपया उन्हें नफरत फैलाने से रोकें। रेणुका शहाणे के इस ट्वीट पर लोग खूब कमेंट कर रहे हैं और अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
एक्ट्रेस संध्या मृदुल ने भी पीएम मोदी पर साधा निशाना
एक्ट्रेस संध्या मृदुल अपने ट्वीट के जरिए पीएम मोदी पर निशाना साध रही हैं। संध्या मृदुल ने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए अपने ट्विटर हैंडल से लिखा, "सर, जरूरत है कि आप विभिन्न राज्यों में पुलिस को बुलाएं और इस हिंसा को रोकें। ट्वीट बाद में कर लेना, धन्यवाद।"

विपक्षी दलों ने उठाई न्यायिक जांच की मांग
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने जामिया छात्रों के साथ की गई कथित 'पुलिसिया बर्बरता" की निंदा करते हुए मामले की सुप्रीम कोर्ट से जांच कराने की मांग की है। विपक्षी नेताओं की ओर से हुई एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने यह सवाल किया कि 'यह सोचने वाली बात है कि आखिर यूनिवर्सिटी अधिकारियों की बिना कोई अनुमति के पुलिस ने कैसे जामिया में घुसकर यह कार्रवाई की। इस मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications