राष्ट्रपति चुनाव: लालू ने नीतीश को घेरा, गठबंधन को लेकर कही बड़ी बात
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मुझे फोन किया था और बताया कि एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद के समर्थन का उनका निजी फैसला है।
नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव के बीच बिहार में आरजेडी और जेडीयू गठबंधन मुश्किल में पड़ता दिखाई दे रहा है। जिस तरह से जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राष्ट्रपति चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देने का ऐलान किया है, इसको लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव खासे नाराज नजर आ रहे हैं। उन्होंने बिहार के सीएम और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से अपने फैसले पर फिर से विचार करने की अपील की है।
लालू यादव बोले, अपने फैसले पर विचार करें नीतीश

लालू यादव की नीतीश कुमार को दो टूक
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने ये बातें विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कही हैं। उन्होंने कहा कि मैं शुक्रवार को नीतीश कुमार से मिलूंगा और उनसे इस फैसले पर फिर से विचार करने के लिए कहूंगा। लालू यादव ने कहा कि मैं उनसे कहूंगा कि वो ये ऐतिहासिक गलती नहीं करें। उनका फैसला गलत है।

विपक्ष ने मीरा कुमार को बनाया है राष्ट्रपति उम्मीदवार
बता दें कि विपक्ष की ओर से मीरा कुमार को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। लालू यादव की अपील है कि नीतीश कुमार अपने फैसले पर विचार करें और एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद की जगह विपक्ष के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मीरा कुमार का समर्थन करें।

जेडीयू का लालू यादव को जवाब
लालू प्रसाद यादव के बयान के बाद जेडीयू की प्रतिक्रिया मिली है। जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा है कि एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद के समर्थन का फैसला सभी मुद्दों पर विचार करके लिया गया है। राजनीतिक फैसले कुछ मिनटों या फिर सेकेंड्स में नहीं बदला करते हैं।

नीतीश कुमार कर चुके हैं कोविंद के समर्थन का ऐलान
जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार की ओर से पहले ही साफ कर दिया गया है किे उनकी पार्टी एनडीए उम्मीदवार को ही राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन करेगी। इसकी वजह है कि रामनाथ कोविंद बिहार के राज्यपाल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications