प्रयागराज: कुंभ मेले में बड़ा हादसा टला, हेलीपोर्ट के लिए बन रही बिल्डिंग का हिस्सा गिरा
लखनऊ। प्रयागराज में 15 जनवरी से शुरू हो रहे कुंभ मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बीच यहां बड़ा हादसा टल गया है। दरअसल हेलीपोर्ट के लिए बन रही अस्थायी इमारत का एक हिस्सा अचानक से गिर गया। इस हादसे में दो मजदूर इमारत के नीचे दब गए, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के सामने आते ही तमाम राहत और बचाव दल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और इमारत के नीचे दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला।

आपको बता दें कि प्रयागराज में अर्द्धकुंभ के लिए प्रदेश सरकार की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। संगम के तट पर एक नए शहर को बसाया गया है जहां अगले डेढ़ महीने तक कुंभ मेला चलेगा। इस मेले में देश और दुनिया से करोड़ों पर्यटकों के आने की संभावना है। पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए तमाम ट्रेनें रेलवे की ओर से चलाई गई हैं, जबकि उत्तर प्रदेश रोडवेज की ओर से विशेष कुंभ बसें चलाई गई हैं, जो अलग-अलग शहरों से लोगों को प्रयागराज लाएंगी।
वहीं अर्द्धकुंभ के दौरान पानी की कमी नहीं हो इसके लिए पुख्ता इंतजाम किया गया है। सरकार 10 हजार क्यूसेक गंगाजल यूपी को देगी। टिहरी झील डैम में जल भंडारण की क्षमता 3 मीटर अधिक की गई है। सिंचाई विभाग पर कब्जा करने वाले जमीन नहीं छोड़ेंगे तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यूपी के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलता रहे इसलिए दो हजार क्यूसेक पानी गंगानहरों के लिए छोड़ा जाएगा और दस हजार क्यूसेक पानी लगातार प्रयागराज में कुंभ के लिए बहता रहेगा।
इसे भी पढ़ें- अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद पर आज से सु्प्रीम कोर्ट की पीठ करेगी सुनवाई












Click it and Unblock the Notifications