प्रशांत किशोर की सोनिया गांधी से मुलाकात, तीन दिन में दूसरी बार पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष के घर
नई दिल्ली, 18 अप्रैल: चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कांग्रेस पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी से मुलाकात की है। प्रशांत सोमवार शाम को सोनिया गांधी के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक की। इससे पहले शनिवार को भी प्रशांत किशोर सोनिया गांधी के घर पहुंचे थे। ऐसे में तीन दिन के भीतर प्रशांत किशोर की सोनिया गांधी से ये दूसरी मुलाकात है।

सोमवार को प्रशांत किशोर के साथ बैठक में सोनिया गांधी के अलावा प्रियंका गांधी, अंबिका सोनी, पी चिदंबरम, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला भी मौजूद थे। प्रशांत के साथ कांग्रेस नेताओं की ये बैठक करीब चार घंटे तक चली।
शनिवार को हुई बैठक में प्रशांत किशोर ने सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, एके एंटनी, अंबिका सोनी, जयराम रमेश, अजय माकन जैसे नेताओं के सामने 2024 के आम चुनाव के लिए अपना खाका रखा। सूत्रों के हवाले से आई खबर के मुताबिक, प्रशांत किशोर को सिर्फ सलाहकार ना बनाकर पार्टी में शामिल होने और नेता के रूप में काम करने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि प्रशांत किशोर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। बता दें कि प्रशांत किशोर जाने माने चुनावी रणनीतिकार हैं। वो भाजपा, कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी जैसे कई बड़े दलों के साथ काम कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications