Pralhad Joshi Education: कितने पढ़े-लिखे हैं नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, कितनी है कुल संपत्ति
Pralhad Joshi Education: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद जोशी को उनके मौजूदा मंत्रालयों के साथ शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। इस अहम जिम्मेदारी ने उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि के साथ-साथ निजी प्रोफाइल को भी सुर्खियों में ला दिया है।
2024 लोकसभा चुनाव से पहले दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक, प्रह्लाद जोशी करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता, राजनीतिक सफर और घोषित संपत्ति-देनदारियां अब लोगों की दिलचस्पी का विषय बनी हुई हैं। आइए जानते हैं हलफनामे में उनके बारे में क्या-क्या जानकारी दी गई है।

Pralhad Joshi Education Qualification: क्या है प्रह्लाद जोशी की शैक्षणिक योग्यता?
चुनावी हलफनामे के अनुसार, प्रह्लाद जोशी बैचलर ऑफ आर्ट्स (B.A.) स्नातक हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई के.एस. आर्ट्स कॉलेज, हुबली और कर्नाटक यूनिवर्सिटी, धारवाड़ से पूरी की। छात्र जीवन के बाद उन्होंने व्यवसाय और सामाजिक गतिविधियों के जरिए सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई। बाद में राजनीति में प्रवेश कर उन्होंने संगठन और संसदीय कार्यों में लंबा अनुभव हासिल किया, जो आज उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत माना जाता है।
ये भी पढे़ं: New Education Minister: प्रह्लाद जोशी कौन? धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद PM मोदी ने सौंपी शिक्षा मंत्रालय
Pralhad Joshi Net Worth: कितनी संपत्ति के मालिक हैं प्रह्लाद जोशी?
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे के अनुसार, प्रह्लाद जोशी ने 21.09 करोड़ रुपये से अधिक की कुल चल-अचल संपत्ति घोषित की है। हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 66.75 लाख रुपये की सोने की ज्वेलरी और 16.50 लाख रुपये के चांदी के आभूषण व अन्य सामान हैं। इसके अलावा 27.73 लाख रुपये का निवेश LIC में किया गया है। उनकी संपत्तियों में 86.39 लाख रुपये मूल्य की कृषि भूमि, 5.25 करोड़ रुपये से अधिक की गैर-कृषि भूमि और हुबली में लगभग 5.99 करोड़ रुपये मूल्य का आवासीय मकान भी शामिल है।
कितनी है देनदारी?
चुनावी हलफनामे के अनुसार, प्रह्लाद जोशी पर कुल 8.01 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियां हैं। इनमें 1,72,42,623 रुपये बैंकों और वित्तीय संस्थानों (Banks/FIs) से लिए गए ऋण के रूप में दर्ज हैं। इसके अलावा 6,28,80,709 रुपये का कर्ज व्यक्तियों या अन्य संस्थाओं (Individual/Entity) के प्रति देय बताया गया है। चुनाव आयोग के समक्ष दाखिल हलफनामे में उम्मीदवारों के लिए अपनी सभी देनदारियों का खुलासा करना अनिवार्य होता है, ताकि उनकी वित्तीय स्थिति सार्वजनिक रूप से पारदर्शी बनी रहे।
ये भी पढे़ं: Dharmendra Pradhan Resignation: कौन हैं एमजे अकबर? धर्मेंद्र प्रधान की तरह छोड़ना पड़ा था मोदी मंत्रिमंडल
अब शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी क्यों अहम है?
प्रह्लाद जोशी को ऐसे समय में शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिला है, जब NEET परीक्षा विवाद और NTA की कार्यप्रणाली को लेकर देशभर में बहस छिड़ी हुई है। छात्रों का भरोसा बहाल करना, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाना और संस्थागत सुधारों को आगे बढ़ाना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। ऐसे में उनके प्रशासनिक अनुभव और राजनीतिक क्षमता की पहली बड़ी परीक्षा शिक्षा मंत्रालय में ही देखने को मिलेगी।


Click it and Unblock the Notifications
