कोयला संकट पर बोले प्रह्लाद जोशी- देश में जरूरत का स्टॉक मौजूद, सरकार कर रही निगरानी
नई दिल्ली, 27 अप्रैल: देश में एक बार फिर से कोयला संकट गहरा गया है। जिस वजह से कई राज्यों में बंपर बिजली कटौती हो रही है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यूपी समेत कई राज्यों में सिर्फ 7 दिन का ही कोयला बचा हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग 38 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने इस मुद्दे पर सफाई दी। साथ ही जनता से इसको लेकर चिंता ना करने की बात कही।

मामले में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि अभी थर्मल पावर प्लांट्स के पास 21.55 मिलियन टन का स्टॉक है जो 9 दिनों के लिए पर्याप्त है। साथ ही हमारे पास कोयले का कुल स्टॉक 71.5 मिलियन टन है। मेरे हिसाब से घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार दिन-प्रतिदिन, घंटे के आधार पर स्थिति की निगरानी कर रही है। हम देश को आवश्यक कोयले की आपूर्ति करेंगे।
इन 7 राज्यों में दिक्कत
रिपोर्ट्स के मुताबिक भीषण गर्मी और कोयला संकट की वजह से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गोवा और कर्नाटक में दिक्कत हो सकती है। यहां पर अधिकारियों को उद्योगों की सप्लाई कम करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार मानक कोयला स्टॉक ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे कोयला समृद्ध राज्यों को छोड़कर पूरे भारत में कम है। हालांकि बिजली मंत्रालय की वेबसाइट पर देशभर में 1,88,576 मेगावाट की कुल पीक आवश्यकता के मुकाबले केवल 3,002 मेगावाट (मेगावाट) की कमी दिखा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications