महाराष्ट्र: आदित्य ठाकरे को सीएम बनाने की उठी मांग, लगे समर्थन में पोस्टर
Recommended Video
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर लगातार उठापटक जारी है। भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के बीच सुलह होती नजर नहीं आ रही है। शिवसेना लगातार अपनी मांगों को लेकर एक तरफ जहां आक्रामक रुख अपना रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाने की कवायद में भी जुटी है। हालांकि इन तमाम अटकलों के बीच अभी तक कुछ भी पुख्ता रूप से सामने नहीं आ सका है। इसी बीच मुंबई की सड़कों पर शिवसेना का एक पोस्टर सामने आया है, जिसमे आदित्य ठाकरे को मुख्यमंत्री के तौर पर दिखाया गया है।

आदित्य ठाकरे को सीएम बनाने की मांग
मुंबई में जो पोस्टर सामने आया है उसमे लिखा है कि मेरा विधायक मेरा मुख्यमंत्री। इस पोस्टर को उद्धव ठाकरे के घर के बाहर लगाया गया है। माना जा रहा है कि इस पोस्टर को शिवसेना के नेता हाजी हलीम खान ने लगवाया है। बता दें कि 24 अक्टूबर को महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही शिवसेना प्रदेश में भाजपा को 50-50 का फॉर्मूला याद दिला रही है और मुख्यमंत्री पद की मांग कर रही है। लेकिन किसी भी सूरत में भाजपा शिवसेना को मुख्यमंत्री का पद देने के लिए तैयार नहीं है।
निर्दलीय विधायक का दावा
इससे पहले निर्दलीय विधायक रवि राणा ने शिवसेना को लेकर बड़ा दाव किया था। उन्होंने कहा था कि शिवसेना के तकरीबन 25 विधायक उनके संपर्क में हैं। यही नहीं सोमवार को राणा ने अपनी पत्नी और अमरावती से सांसद नवनीत कौर राणा के साथ मुंबई में राज्यपाल से मुलाकात की। रवि राणा ने कहा कि उद्धव ठाकरे को संजय राउत की बयानबाजी पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बिना सहयोगी शिवसेना को साथ लिए नई सरकार बनाते हैं तो उनकी पार्टी के करीब 25 विधायक बीजेपी में शामिल हो जाएंगे।
शिवसेना को नसीहत
रवि राणा ने कहा कि "सच्चाई तो ये है कि शिवसेना के करीब 25 एमएलए सरकार गठन को लेकर मेरे संपर्क में हैं। अगर फडणवीस बिना शिवसेना के सरकार बनाते हैं तो अगले दो महीनों में शिवसेना टूट जाएगी और करीब 25 एमएलए पार्टी में शामिल हो जाएंगे।" बता दें कि शिवसेना के पास अभी 56 विधायक हैं। बता दें कि राणा ने भाजपा को पहले ही समर्थन देने की बात कही है। राज्यपाल से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों शिवसेना बहुत ही अभिमानी हो गई है। फडणवीस को इसपर लगाम लगानी चाहिए'।












Click it and Unblock the Notifications