Arvind Kejriwal की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष के निशाने पर बीजेपी, जानिए किसने क्या कहा?
Delhi CM Arvind Kejriwal Arrest: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने गुरुवार रात को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने कथित शराब घोटाले में पूछताछ के बाद बड़ा एक्शन लिया है।
वहीं अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी से लेकर विपक्षी दल केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। आप का कहना है कि केजरीवाल जेल के अंदर से सरकार चलाएंगे, जबकि विपक्ष केंद्र सरकार को घेर रही है। वहीं बीजेपी का कहना है कि यह भ्रष्टाचार का फल है।

बीजेपी डरी हुई-खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया, उन्होंने लिखा ''हर दिन जीत के झूठे दावे करने वाली अहंकारी बीजेपी चुनाव से पहले हर तरह और गैरकानूनी तरीके से विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। अगर जीत का असली भरोसा था तो मुख्य विपक्ष के खाते पार्टी - कांग्रेस पार्टी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके नहीं जमी होगी। सच तो यह है कि बीजेपी आने वाले चुनाव नतीजों से पहले से ही डरी हुई है।"
अखिलेश यादव का ट्वीट
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए केंद्र सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने लिखा- "भाजपा जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ़्तारी एक नयी जन-क्रांति को जन्म देगी।"
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती का बयान
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट करते हुए कहा, "ईडी द्वारा एक और मुख्यमंत्री की मनमानी गिरफ्तारी से राजनीतिक प्रतिशोध और बढ़ती सत्तावाद की बू आ रही है। इस कायरतापूर्ण कृत्य ने सत्ताधारी दल के डर को उजागर कर दिया है कि अब चुनाव होने से पहले ही हेरफेर करके हताश उपायों का सहारा लिया जा रहा है। इतिहास से पता चला है कि अत्याचार कभी भी प्रबल नहीं होता है। हम डरेंगे नहीं।"
केरल सीएम ने बीजेपी को घेरा
केजरीवाल की गिरफ्तारी पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा, "दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी बेहद आपत्तिजनक है। यह कार्रवाई चुनाव प्रक्रिया के स्तर पर विपक्षी आवाज को बंद करने के प्रयास का हिस्सा है। इससे पता चलता है। यह उन लोगों की कायरता है जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया से डरते हैं।"
तेजस्वी यादव ने साधा निशाना
राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया, ''दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से साफ पता चलता है कि बीजेपी विपक्ष से लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने के बजाय जांच एजेंसियों और अन्य संवैधानिक संस्थानों की आड़ और मजबूत मदद से चुनाव लड़ना चाहती है। एनडीए सरकार ने राजनीतिक, लोकतांत्रिक और संवैधानिक नैतिकता और गरिमा का उल्लंघन करते हुए देश पर अघोषित आपातकाल लगाया है।"
तहसीन पूनावाला ने भाजपा को घेरा
राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला ने कहा कि, "दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी इस महान देश के प्रत्येक नागरिक को बेहद चिंतित करती है। ईडी भाजपा या बजरंग दल के हाथ की तरह काम कर रही है। भारत के संविधान का पालन करने के बजाय भाजपा के राजनीतिक निर्देशों का पालन कर रहे हैं।"
पंजाब के मंत्री की बीजेपी को चुनौती
पंजाब के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि, ''हमें जानकारी मिली है कि अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। आजादी के बाद अरविंद केजरीवाल उन नेताओं में से एक हैं जिन्होंने गरीबों और दिल्ली के लोगों के लिए काम किया। उन्होंने भ्रष्टाचार खत्म किया। बीजेपी इस बात को पचा नहीं पाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मैं बीजेपी से यही कहूंगा कि वे उन्हें गिरफ्तार कर सकते हैं, लेकिन उनके विचारों को नहीं, उन्हें इसके लिए भुगतान करना होगा और मैं इसकी निंदा करता हूं।''
डीएमके प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा, "वह (पीएम मोदी) आम आदमी का ध्यान भटकाना चाहते हैं। इसीलिए ये गिरफ्तारी हुई है। महाघोटाला, सबसे बड़ी लूट, रंगदारी का रैकेट (इलेक्टोरल बॉन्ड) जो बीजेपी ने चलाया है। हाईकोर्ट ने ईडी से सवाल किया कि उनके पास अरविंद केजरीवाल के पीछे जाने के क्या सबूत हैं. उन्होंने (ईडी) अदालत में समय मांगा और अब उनके दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। हमें उम्मीद है कि सर्वोच्च न्यायालय यह सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करेगा कि लोकतंत्र कायम रहे..."
संबित पात्रा ने जानिए क्या कहा?
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, "देश में कोई अदालत नहीं बची है जहां आम आदमी पार्टी ने अपना झूठ फैलाने के लिए संपर्क नहीं किया हो। फिर भी उन्हें कहीं से कोई राहत नहीं मिली। आतिशी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं, एक विचार हैं। मुझे कहना चाहिए कि वह एक बुरा विचार है।"
'भ्रष्टाचार किया है, तो उसका फल मिलेगा'
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति में घोटाला किया है, दिल्ली की जनता को लूटा है, दिल्ली को लूटने का काम किया है। इसलिए अगर आपने जनता को धोखा दिया है, चोरी की है, भ्रष्टाचार किया है, तो उसका फल आपको ही मिलेगा है।"












Click it and Unblock the Notifications