बीएसपी नेता के बेटे आशीष पांडे की तलाश में जुटी यूपी STF, एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी
नई दिल्ली। दिल्ली के पांच सितारा होटल में हथियार लहराने पर बसपा के पूर्व सांसद के बेटे आशीष पांडे की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली पुलिस ने आशीष पांडे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार दोपहर बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम ने लखनऊ पहुंचकर ताबड़तोड़ छापेमारी की। हालांकि शाम तक आशीष हाथ नहीं आया। डीजीपी ओपी सिंह ने आशीष की तलाश में एसटीएफ को भी लगा दिया है। आरोपी आशीष पांडेय लखनऊ का रहने वाला है और बसपा के पूर्व सांसद राकेश पांडेय का बेटा है। उसका भाई ऋतेश पांडेय उत्तरप्रदेश से वर्तमान में विधायक है।

देश भर के एयरपोर्ट पर लुकआउट नोटिस जारी किया है
इसके अलावा पुलिस ने उसके हथियारों की जानकारी जुटाने के बाद उसके आर्म्स लाइसेंस कैंसिल कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आशीष पांडे के खिलाफ देश भर के एयरपोर्ट पर लुकआउट नोटिस जारी किया है, साथ ही उत्तर प्रदेश-नेपाल सीमा पर भी अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस ने इस मामले की जानकारी छुपाने के लिए हयात होटल के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटना के वक्त आरोपी के साथ मौजूद एक व्यक्ति के साथ इस मामले में पूछताछ की है।

हयात रिजेंसी होटल को दिल्ली पुलिस ने जारी किया नोटिस
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आर के पुरम के हयात रिजेंसी होटल के सहायक सुरक्षा प्रबंधक ने सोमवार को पुलिस में इस घटना को लेकर एक शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि आर्म्स एक्ट और आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें आघात पहुंचाने (323), आपराधिक धमकी देने (506) और महिला का शील भंग करने के उद्देश्य से बल प्रयोग करने (354) की धाराएं भी शामिल हैं।

इस बीच बसपा ने खुद को विवाद से अलग बताया
दिल्ली में हयात रिजेंसी की ओर से जारी बयान में कहा कि वह घटना को गंभीरता से ले रहा है और जांच में वह अधिकारियों से सहयोग करेगा। इस बीच बसपा ने खुद को विवाद से अलग बताया है। पार्टी नेता सुधीन्द्र भदौरिया ने कहा, आशीष पांडेय ना तो बसपा का नेता है ना ही सदस्य। कानून-व्यवस्था की पूरी प्रणाली मौजूद है और कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वड्रा ने भी घटना के बाद महानगर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई।

घटना के बाद से पीड़ित सदमे में
पीड़ित पूर्व कांग्रेस विधायक कंवर करण सिंह का बेटा है। वे दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में रहते हैं। करण सिंह ने कहा कि उनके बेटे को पांडेय ने पिस्तौल दिखाई जो घटना के बाद से सदमे में है और इसिलए उसने पुलिस को सूचित नहीं किया। सिंह ने कहा कि उनके बेटे ने पुलिस में बयान दर्ज कराया है और परिवार को कानून पर पूरा भरोसा है। पुलिस ने कहा कि होटल के सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि होटल के नाईटक्लब में आरोपी और पीड़ित पार्टी कर रहे थे और शौचालय के इस्तेमाल को लेकर उनमें बहस हो गई। वे शौचालय से बाहर निकले और उनमें बहस जारी रही जिसके बाद पांडेय ने अपनी बीएमडब्ल्यू कार से पिस्तौल निकाल कर दूसरे पक्ष को धमकाया।












Click it and Unblock the Notifications