भाजपा के 3 कार्यकर्ता गिरफ्तार, अमित शाह की रैली में जाते हुए लगाए थे 'गोली मारो...' के नारे
कोलकाता। नारे लगाने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है। ये लोग गृहमंत्री अमित शाह की रैली में जाते हुए 'देश के गद्दारों को, गोली मारो....' का नारा लगा रहे थे। न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन में सुरेंद्र कुमार तिवारी, ध्रुबु बसू और पंकज प्रसाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस को जब रैली की सीसीटीवी फुटेज मिली, उसके बाद तीनों को उनके घरों से सोमवार सुबह गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 505, 506, 34 और 153ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Recommended Video

मामले की जानकारी देते हुए जॉइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) मुरलीधर शर्मा ने कहा, 'हां तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आज इन्हें कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।' पुलिस के इस कदम पर राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर आरोप लगाया कि वह राज्य में भाजपा के सदस्यों को परेशान कर रही है। घोष ने कहा, 'केवल टीएमसी जानती है कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को कैसे परेशान करना है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब लोग कोलकाता में आजादी वाले नारे लगाते हैं तो वो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं करती।'
हालांकि भाजपा नेता शामिक भट्टाचार्या ने कहा कि वो इस तरह के नारों का समर्थन नहीं करते हैं। जानकारी के मुताबिक इन लोगों पर मैदान मार्केट से गुजरने के दौरान नारेबाजी करने का आरोप है। ये लोग रविवार को गृहमंत्री अमित शाह की रैली में शामिल होने जा रहे थे। रविवार को अमित शाह ने शहीद मीनार इलाके में एक रैली की थी।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक हाथों में भाजपा का झंडा लेकर इन लोगों ने 'देश के गद्दारों को...' के नारे लगाए। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिम बंगाल के भाजपा उपाध्यक्ष सुभाष सरकार ने कहा कि नारेबाजी में भाजपा का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था। उन्होंने पीटीआई से कहा, 'ये कोलकाता में एक विशाल रैली थी, हमें लगता है कि ये भाजपा को बदनाम करने के लिए टीएमसी की साजिश है।'












Click it and Unblock the Notifications