Niti Aayog meet: पीएम मोदी आज करेंगे नीति आयोग की बैठक की अध्यक्षता, ये 8 सीएम नहीं होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अध्यक्षता वाली नीति आयोग की बैठक में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी समेत 8 विपक्षी मुख्यमंत्रियों ने शामिल नहीं होने का फैसला किया है।

PM Modi to chair Niti Aayog meet today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार 27 मई को नीति आयोग की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 8 विपक्षी मुख्यमंत्रियों ने नीति आयोग की 8वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया है।
ये खबर ऐसे समय आई है कि जब 21 विपक्षी दलों ने 28 मई को नए संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
नीति आयोग की बैठक में शामिल नहीं होने वाले मुख्यमंत्रियों में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान (दोनों आम आदमी पार्टी), पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी (तृणमूल कांग्रेस), बिहार के सीएम नीतीश कुमार (जनता दल यूनाइटेड), तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव (भारत राष्ट्र समिति) और तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केरल के सीएम पिनाराई विजयन शामिल हैं।
हालांकि चार राज्यों जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां के मुख्यमंत्रियों के भाग लेने की उम्मीद है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाग नहीं लेने के लिए स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने उनकी अनुपस्थिति का कोई विशेष कारण नहीं बताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीति आयोग के अध्यक्ष हैं। इसमें सभी राज्य के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के लेफ्टिनेंट गवर्नर (एलजी) शामिल हैं।
इस बैठक में आठ प्रमुख विषयों MSMEs, बुनियादी ढांचे और निवेश, अनुपालन को कम करने, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और पोषण, कौशल विकास, और सामाजिक बुनियादी ढांचे, विकसित भारत के लिए रोड मैप पर चर्चा करने की उम्मीद है।
बिहार कैबिनेट के एक वरिष्ठ मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि, ''हमारे सीएम नीतीश कुमार नीति आयोग की बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनका शनिवार को दिल्ली आने का कोई कार्यक्रम नहीं है।''
केजरीवाल के आम आदमी पार्टी के सहयोगी और पंजाब सीएम भगवंत मान ने अपनी ओर से कहा कि वह गवर्निंग काउंसिल की बैठक से दूर रहेंगे क्योंकि केंद्र सरकार "किसानों से संबंधित" मुद्दों की अनदेखी कर रही है।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी बैठक में नहीं होंगी। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने प्रतिनिधि के रूप में वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और मुख्य सचिव एचके द्विवेदी के नाम प्रस्तावित किए थे। लेकिन केंद्र ने जवाब दिया कि केवल मुख्यमंत्री ही इसमें शामिल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications