Article 370: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 4 बजे देश को करेंगे संबोधित
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म होने के बाद पहली बार देश को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी आज शाम को 4 बजे देश को रेडियो के विशेष प्रसारण के जरिए संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि पीएम मोदी आज जम्मू कश्मीर को लेकर भारत सरकार द्वारा लिए गए फैसले के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे, साथ ही घाटी को दो यूनियन टेरिटरीज में बांटने को लेकर भी बोल सकते हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आखिरी बार 27 मार्च को लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्र के नाम संबोधन दिया था, जब इसरो ने एंटी सैटेलाइट मिसाइल का सफल लॉन्च किया था।

बता दें कि मंगलवार को संसद ने जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने वाले आर्टिकल 370 के प्रस्ताव को पास कर दिया। साथ ही जम्मू कश्मीर को दो यूनियन टेरिटरीज में बांटने वाले फैसले से संबंधित बिल को भी पास कर दिया। इसके बाद लद्दाख अब जम्मू कश्मीर से अलग राज्य है, जहां पर विधानसभा नहीं होगी। गौर करने वाली बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को देश को संबोधित करने से महज कुछ दिन पहले ही देश को संबोधित करने जा रहे हैं, ऐसे में देशभर के लोगों की नजर पीएम मोदी के संबोधन पर रहेगी।
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर को लेकर भारत के फैसले के बाद पाकिस्तान में जबरदस्त बौखलाहट है। इसी के चलते पाकिस्तान ने भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों को खत्म कर दिया, साथ ही कई एयर रूट पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। पाकिस्तान ने अपने राजदूत को भी वापस बुला लिया है। साथ ही पाकिस्तान ने तीन एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से बंद कर दिया है। पाकिस्तान के इस फैसले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच 9 हवाई रास्तों में से तीन को पाकिस्तान ने भारत के लिए बंद कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications