पीएम मोदी ने किया प्रधानमंत्री संग्रहालय का उद्घाटन, बोले- आने वाली पीढ़ियों के लिए खोलेगा ज्ञान के द्वार
नई दिल्ली, 14 अप्रैल: पीएम नरेंद्र मोदी ने आज राजधानी दिल्ली के तीन मूर्ति भवन परिसर में बने प्रधानमंत्री संग्रहालय के उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री संग्रहालय का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने खुद ही संग्रहालय का पहला टिकट भी खरीदा। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, विचार, अनुभवों का एक द्वार खोलने का काम करेगा। बता दें कि केंद्र सरकार ने द नेहरू मेमोरियल म्यूजियम का नाम बदलकर 'प्रधानमंत्री संग्रहालय' रखा है। जिसका आज उद्घाटन हुआ है।

उद्घाटन के बाद अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरा देश बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर आदरपूर्वक याद कर रहा है,बाबा साहेब जिस संविधान के मुख्य शिल्पकार रहे, उस संविधान ने हमें संसदीय प्रणाली का आधार दिया। इस संसदीय प्रणाली का प्रमुख दायित्व देश के प्रधानमंत्री का पद रहा है। ये मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे प्रधानमंत्री संग्रहालय देश को समर्पित करने का अवसर मिला है।
देश के विकास में सभी सरकारों का योगदान
पीएम ने आगे कहा, जब देश अपनी आज़ादी के 75 वर्ष का पर्व, आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तब ये म्यूजियम एक भव्य प्रेरणा बनकर आया है। इन 75 वर्षों में देश ने अनेक गौरवमय पल देखे हैं। इतिहास के झरोखे में इन पलों का जो महत्व है, वो अतुलनीय है। देश आज जिस ऊंचाई पर है, वहां तक उसे पहुंचाने में स्वतंत्र भारत के बाद बनी प्रत्येक सरकार का योगदान है। आज ये संग्रहालय भी प्रत्येक सरकार की साझा विरासत का जीवंत प्रतिबिंब बन गया है। ये हम भारतवासियों के लिए बहुत गौरव की बात है कि हमारे ज्यादातर प्रधानमंत्री बहुत ही साधारण परिवार से रहे हैं। सुदूर देहात से, एकदम गरीब परिवार से और किसान परिवार से आकर भी प्रधानमंत्री पद पर पहुंचना भारतीय लोकतंत्र की महान परंपराओं के प्रति विश्वास को दृढ़ करता है।
युवाओं के लिए होगा फायदेमंद
नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में आगे कहा, प्रधानमंत्री संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, विचार, अनुभवों का एक द्वार खोलने का काम करेगा। यहां आकर उन्हें जो जानकारी मिलेगी, जिन तथ्यों से वो परिचित होंगे, वो उन्हें भविष्य के निर्णय लेने में मदद करेगी। इस संग्रहालय में जितना अतीत है, उतना ही भविष्य भी है। ये संग्रहालय देश के लोगों को बीते समय की यात्रा करवाते हुए, नई दिशा-नए रूप में भारत की विकास यात्रा पर ले जाएगा। देश के हर प्रधानमंत्री ने संविधान सम्मत लोकतंत्र के लक्ष्यों की पूर्ति में भरसक योगदान दिया है। उन्हें स्मरण करना स्वतंत्र भारत की यात्रा को जानना है। यहां आने वाले लोग देश के पूर्व प्रधानमंत्रियों की योगदान से रूबरू होंगे, उनकी पृष्ठभूमि, उनके संघर्ष-सृजन को जानेंगे।
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी क्या बोले
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने इस दौरान कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री संग्रहालय का शुभारंभ होना हमारे देश के लिए गर्व की बात है। डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान दुनिया का उत्तम संविधान है। देश की जनता का एक राष्ट्र, एक संविधान का सपना आज पूरा हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications