PM मोदी ने PM Kisan के तहत 16000 करोड़ की 12वीं किस्त की जारी, दिवाली से पहले किसानों को कई सौगातें
PM मोदी PM Kisan के तहत 16000 करोड़ की 12वीं किस्त की जारी, दिवाली से पहले किसानों को और कई सौगातें
PM Narendra Modi PM Kisan the 12th installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 12वीं किस्त सोमवार को दिल्ली में जारी की। पीएम मोदी ने दिल्ली में पीएम किसान सम्मान सम्मेलन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने 600 प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों एवं भारतीय जन उर्वरक परियोजना- 'एक राष्ट्र एक उर्वरक' (One nation one fertilizer) का भी शुभारंभ किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय उर्वरक ई-पत्रिका का भी लोकार्पण किया। पीएम मोदी दिवाली से पहले किसानों को ये सौगात दी है। पीएम मोदी ने कहा,''अभी देश के करोड़ों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के रूप में 16,000 करोड़ रुपए की एक और किस्त जारी की गई है।''
Recommended Video

600 से ज्यादा PM किसान समृद्धि केंद्रों की हुई शुरुआत
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''आज देश में 600 से ज्यादा PM किसान समृद्धि केंद्रों की शुरुआत हो रही है, ये केंद्र केवल किसानों के लिए उर्वरक खरीद बिक्री का केंद्र नहीं बल्कि एक संपूर्ण रूप से किसान के साथ घनिष्ठ नाता जोड़ने वाला है और उसके हर सवालों का जवाब देने वाला केंद्र है।'' पीएम मोदी ने कहा, 'एक राष्ट्र एक उर्वरक' के तहत किसानों को सस्ता और अच्छी गुणवत्ता वाला उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा।''

'वन नेशन, वन फर्टिलाइजर' के पीएम मोदी ने गिनाए फायदे
पीएम मोदी ने कहा, ''आज 'वन नेशन, वन फर्टिलाइजर' के रूप में किसानों को सस्ती और क्वालिटी खाद भारत ब्रांड के तहत उपलब्ध कराने की योजना भी शुरू हुई है। हमने यूरिया की शत प्रतिशत नीम कोटिंग करके उसकी कालाबाजारी रुकवाई। हमने बरसों से बंद पड़े देश के छह सबसे बड़े यूरिया कारखानों को फिर से शुरू करने के लिए मेहनत की। यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भर के लिए भारत अब तेजी से लिक्विड नैनो यूरिया की तरफ बढ़ रहा है। नैनो यूरिया, कम खर्च में अधिक प्रोडक्शन का माध्यम है। जिसको एक बोरी यूरिया की जरूरत लगती है वो काम अब नैनो यूरिया की एक छोटी सी बॉटल से हो जाता है। ये विज्ञान और टेक्नोलॉजी का कमाल है।''

फर्टिलाइजर सेक्टर रिफॉर्म को लेकर पीएम मोदी क्या बोले?
पीएम मोदी ने कहा, ''फर्टिलाइजर सेक्टर में रिफॉर्म के हमारे अब तक के प्रयासों में आज दो और प्रमुख रिफॉर्म, बड़े बदलाव जुड़ने जा रहे हैं। पहला बदलाव ये है कि आज से देशभर की सवा 3 लाख से अधिक खाद की दुकानों को प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों के रूप में विकसित करने के अभियान की शुरुआत हो रही है। ये ऐसे केंद्र होंगे जहां खिर्फ खाद ही नहीं मिलेगी, बल्कि बीज, उपकरण, मिट्टी की टेस्टिंग, हर प्रकार की जानकारी जो भी किसान को चाहिए, वो इन केंद्रों पर एक ही जगह मिलेगी।''

पारंपरिक मोटे अनाज पर पीएम मोदी ने दी अहम जानाकरी
पीएम मोदी ने कहा, हमारे यहां जो पारंपरिक मोटे अनाज (Millets) होते हैं, उनके बीजों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए भी आज देश में अनेक हब बनाए जा रहे हैं। भारत के मोटे अनाज पूरी दुनिया में प्रोत्साहन पाएं, इसके लिए सरकार के प्रयासों से अगले वर्ष को मोटे अनाज का अंतर्राष्ट्रीय वर्ष भी घोषित किया गया है।'' पीएम मोदी ने कहा, '''पर ड्रॉप मोर क्रॉप' के मंत्र पर, माइक्रो इरीगेशन पर बहुत अधिक बल दिया जा रहा है। पिछले 7-8 सालों में देश की लगभग 70 लाख हेक्टेयर जमीन को माइक्रोइरीगेशन के दायरे में लाया जा चुका है।''

प्राकृतिक खेती पर भी पीएम मोदी ने दिया जोर
पीएम मोदी ने प्राकृतिक खेती पर जोर देते हुए कहा, ''भविष्य की चुनौतियों के समाधान का एक अहम रास्ता प्राकृतिक खेती से भी मिलता है। इसके लिए भी देशभर में बहुत अधिक जागरूकता आज हम अनुभव कर रहे हैं। प्राकृतिक खेती (ऑर्गेनिक खेती) को लेकर गुजरात, हिमाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश के साथ-साथ यूपी, उत्तराखंड में बहुत बड़े स्तर पर किसान काम कर रहे हैं। गुजरात में तो जिला और ग्राम पंचायत स्तर पर भी इसको लेकर योजनाएं बनाई जा रही हैं।''
पीएम मोदी ने कहा, आधुनिक टेक्नोलॉजी के उपयोग से छोटे किसानों को कैसे लाभ होता है, इसका एक उदाहरण पीएम किसान सम्मान निधि भी है। इस योजना के शुरू होने के बाद से दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। टेक्नोलॉजी के माध्यम से किसान घर बैठे ही देश की किसी भी मंडी में अपनी उपज बेच सके, ये भी e-NAM के माध्यम से किया जा रहा है।''












Click it and Unblock the Notifications