मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में बोले पीएम मोदी- ओमिक्रॉन पहले के वेरिएंट से कहीं तेजी से फैल रहा
ओमिक्रॉन पहले के वेरिएंट से कहीं तेजी से फैल रहा
नई दिल्ली, 13 जनवरी: देश में कोरोना वायरस महामारी पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की है। तेजी से बढ़ते कोविड संक्रमण के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ ये बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऑमिक्रोन को लेकर पहले जो संशय की स्थिति थी, वो अब धीरे-धीरे साफ हो रही है। पहले जो वैरिएंट थे, उनकी अपेक्षा में कई गुना अधिक तेजी से ऑमिक्रोन वैरिएंट सामान्य जन को संक्रमित कर रहा है। ऐसे में जरूरी है कि हम सक्रियता बरते और जरूरी एहतियाती कदम उठाएं। वहीं आर्थिक गतिविधि भी चलती रहे, इसका भी ध्यान रखना होगा।

प्रधानमंत्री ने बैठक में कहा, हमें सतर्क रहना है, सावधान रहना है लेकिन पैनिक की स्थिति ना आए, इसका भी ध्यान रखना है। हमें ये देखना होगा कि त्योहारों के इस मौसम में लोगों की और प्रशासन की एलर्टनेस कहीं से भी कम नहीं पड़े। सामान्य लोगों की आजीविका, आर्थिक गतिविधियों को कम से कम नुकसान हो, अर्थव्यवस्था की गति बनी रहे, कोई भी रणनीति बनाते समय इसका ध्यान रखना बहुत आवश्यक है। इसलिए लोकल कंटेनमेंट पर ज्यादा फोकस करना बेहतर होगा।
ये 100 साल की सबसे बड़ी महामारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि सौ साल की सबसे बड़ी महामारी से भारत की लड़ाई अब तीसरे साल में प्रवेश कर चुकी है। मेहनत हमारा एकमात्र पथ है और विजय एकमात्र विकल्प है। हम 130 करोड़ भारतीय अपने प्रयासों से कोरोना से जीतकर जरुर निकलेंगे।
Recommended Video
वैक्सीनेशन तेजी से जारी रहे
वैक्सीन को लेकर नरेंद्र मोदी ने कहा, आज भारत लगभग 92 प्रतिशत वयस्क जनसंख्या को कोविड वैक्सीन की पहली डोज दे चुका है। देश दूसरी डोज की कवरेज में भी 70 प्रतिशत के आसपास पहुंच चुका है। 10 दिन के अंदर ही भारत ने करीब 3 करोड़ किशोरों का भी टीकाकरण कर दिया है। आज राज्यों के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन है। फ्रंटलाइन वर्कर्स और वरिष्ठ नागरिकों को 'प्रीकॉशन डोज़' जितनी ज़ल्द लगेगी उतना ही हमारे हेल्थ केयर सिस्टम का सामर्थ्य बढ़ेगा। शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए हर घर दस्तक अभियान को हमें और तेज करना है।
इस वर्चुअल बैठक में छत्तीसगढ़, राजस्थान, त्रिपुरा, पंजाब, मणिपुर, पुडुचेरी और दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और मंत्रालय के दूसरे अफसर भी बैठर में शामिल हुए।
देश में भयावह होते जा रहे कोरोना के हालात
देश में कोरोना संक्रमण के मामले बीते दो हफ्ते में काफी तेजी बढ़े हैं। फिलहाल दैनिक मामले दो लाख के ऊपर जा चुके हैं, जो निश्चित ही चिंता की बात है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 13 जनवरी को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 2 लाख 47 हजार नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद देश में कोरोना के कुल मामले 3,63,17,927 है। देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मरीजों की संख्या अब 11 लाख के पार हो गई है। वहीं 24 घंटों में कोरोना वायरस से 380 लोगों की मौत के बाद देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4 लाख 85 हजार हो गई है।
देश का ओमिक्रॉन मामलों की संख्या बढ़कर 5,488 हो गई है। महाराष्ट्र और राजस्थान में इस नए वैरिएंट के केस सबसे ज्यादा हैं। महाराष्ट्र में 1,367 और राजस्थान में 792 ओमिक्रॉन के केस हैं। इसके बाद दिल्ली में 549, केरल में 486, कर्नाटक में 479, पश्चिम बंगाल में 294 और यूपी में 275 केस हैं।












Click it and Unblock the Notifications