पीएम मोदी ने 'हर घर दस्तक' अभियान को किया शुरू, कहा- हमें घर-घर तक वैक्सीन पहुंचानी है
नई दिल्ली, नवंबर 03। देश में कोरोना वैक्सीन की 100 करोड़ से अधिक डोज लगने के बाद भी कई राज्यों में 40 से अधिक जिले ऐसे हैं, जहां अभी वैक्सीनेशन कार्यक्रम बहुत सुस्त चल रहा है। ऐसे राज्यों के मुख्यमंत्रियों और जिला कलेक्टरों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक वर्चुअल मीटिंग की। इस दौरान पीएम मोदी ने 'हर घर दस्तक' अभियान को लॉन्च किया। इस अभियान के तहत अब हेल्थ वर्कर्स घर-घर जाकर वैक्सीन की डोज लगाएंगे।
Recommended Video

मोदी सरकार ने हर नागरिक की सुरक्षा का लिया है संकल्प- स्वास्थ्य मंत्री
'हर घर दस्तक' अभियान की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि देश के हर नागरिक की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए मोदी सरकार ने आज इस अभियान को शुरू किया है, हम इस अभियान के जरिए वैक्सीन को घर-घर तक पहुंचाएंगे। आपको बता दें कि वर्चुअल मीटिंग में पीएम मोदी ने सभी को वैक्सीनेशन तेज करने के सुझाव दिए। इस बैठक में झारखंड, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय जैसे राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य राज्यों के 40 से अधिक जिलों के मजिस्ट्रेट शामिल थे।
वैक्सीन की दूसरी डोज पर देना है अब ध्यान- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान कहा कि देश में टीकाकरण अभियान बहुत सही चल रहा है, लेकिन अब हमें कोविड के टीके घर-घर तक ले जाना है और इसके लिए हमें कोविड टीके की दूसरी डोज पर भी उतना ही ध्यान देना है जितना कि पहली डोज पर दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि जब भी कोरोना का संक्रमण कम होने लगता है, तो कभी-कभी अत्यावश्यकता की भावना कम हो जाती है।
हर गांव और कस्बे तक पहुंचानी है वैक्सीन
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों और जिला कलेक्टरों से कहा कि अभी तक आप सभी ने लोगों को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की है, लेकिन अब वैक्सीन को हर घर तक पहुंचाना है, घर-घर जाकर वैक्सीन हो... इसी जुनून के साथ आपको घर-घर पहुंचना है। पीएम ने कहा कि हमें हर गांव और हर कस्बे तक पहुंचना है। अगर आपको हर गांव के लिए अलग रणनीति बनानी है, तो करें... आप 25 लोगों की टीम बना सकते हैं। आप एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) की मदद भी ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications