देश में आज से रमजान की शुरुआत, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी मुबारकबाद, मांगी ये दुआ
नई दिल्ली। दिल्ली समेत पूरे देश में रमजान का मुकद्दस महीना आज से (शनिवार) से शुरू होगा। दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में शुक्रवार शाम रमजान का चांद नजर आ गया। उलेमा ने कोरोना वायरस को देखते हुए मुस्लिम समुदाय से घरों में ही इबादत करने की अपील की है। पीएम मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रमजान की मुबारकबाद दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'रमजान मुबारक! मैं सभी के लिए सुरक्षा, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करता हूं। यह पवित्र महीना अपने साथ दया, सद्भाव और करुणा की प्रचुरता लाए। हम कोरोना के खिलाफ जंग में जीत हासिल करें और इस ग्रह को अधिक स्वस्थ बनाएं।'
Recommended Video

वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नागरिकों को रमजान की बधाई दी और आशा की कि उपवास के इस पावन महीने से सभी को दूसरों खासकर जरूरतमंदों के प्रति करूणामय एवं दयावान होने की प्रेरणा मिले। देश में प्रार्थना एवं उपवास का इस्लामिक माह रमजान शनिवार को प्रारंभ होगा। कोविंद ने ट्वीट किया, '' सभी को रमजान मुबारक। यह पावन महीना सभी में दूसरों खासकर जरूरतमंदों के प्रति करूणामय एवं दयावान होने के लिए प्रेरित करे।''उन्होंने लिखा, '' इस मौके पर हम सभी सामूहिक संकल्प एवं अनुशासन से कोविड-19 को हराने का संकल्प लें।''
गौरतलब है कि इस बार कोरोना संकट के कारण पूरी दुनिया में रोजेदारों को घरों में ही इबादत करने की सलाह दी जा रही है। भारत में भी मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी ऐसी ही अपील की है। इतना ही नहीं, केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी मुसलमानों को रमजान के वक्त भी लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
उपराष्ट्रपति की अपील
उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रमजान की मुबारकबाद देते हुए लोगों का आह्वान किया कि वे घरों पर इबादत करें और कोरोना वायरस से बचने के लिए दुआ करें। नायडू ने ट्वीट कर कहा, ''रमजान के मुकद्दस माह के अवसर पर सभी देशवासियों को मुबारकबाद। यह माह हमें अपने ईमान पर मुकम्मल यकीन रखने की प्रेरणा देता है।
यह महीना सब के लिए रहम, रहमत और बरकत की दुआ करने का महीना है। इबादत हमारी जेहनी अच्छाइयों और आपसी भाईचारे से हमारे जीवन को रोशन करती है।'' उप राष्ट्रपति ने अपील की, ''कोरोना से बचने के लिए, घरों में ही रह कर इबादत और दुआ करें। परस्पर दूरी रखें और सामुदायिक आयोजनों से बचें। प्रशासन तथा विशेषज्ञों के निर्देशों का पालन कर, कोविड-19 के विरुद्ध अभियान में स्वास्थ्य और सुरक्षा कर्मियों से सहयोग करें। घर में रहें, स्वस्थ रहें, सुरक्षित रहें।














Click it and Unblock the Notifications