कोरोना के मुद्दे पर मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे पीएम मोदी, बोले- मैं 24*7 उपलब्ध हूं
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने और लॉकडाउन बढ़ाए जाने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हो रही बैठक के दौरान पीएम मोदी होममेड मास्क पहने दिखाई दिए। समीक्षा बैठक के दौरान पीएम मोदी ने तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फीडबैक लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'मैं 24*7 उपलब्ध हूं।'

पीएम मोदी ने कहा कि कोई भी मुख्यमंत्री किसी भी वक्त कोरोना वायरस के मद्देनजर मुझसे बात कर सकते हैं और अपना सुझाव दे सकते हैं। हमें कंधे से कंधा मिलाकर एक साथ कोरोना के खिलाफ लड़ना है। इस बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी ब्योरा पेश किया। अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पीएम मोदी से कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के मुद्दे पर बात की।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन चल रहा है। 14 अप्रैल को लॉकडाउन की अवधि पूरी हो रही है। ऐसे में हर कोई यह जानना चाहता है कि लॉकडाउन का समय आगे बढ़ाया जायेगा या नहीं? कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पीएम मोदी से अपील की है कि लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाया जाए। माना जा रहा है कि पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ हो रही बैठक के बाद लॉकडाउन को लेकर अहम फैसला लिया जा सकता है।
कोरोना वायरस का संक्रमण देश में बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार तक कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 7447 तक पहुंच गई जबकि मरने वालों की संख्या 239 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से ये जानकारी दी गई। मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि कोरोना के 6565 रोगियों का इलाज चल रहा है, जबकि 643 लोगों का सफलतापूर्वक इलाज किया जा चुका है। पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना वायरस के 1035 नए केस आए हैं और 40 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications