'बिहार में बनी NDA सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी', PM मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई
Bihar News: बिहार में एक बार फिर 17 महीने के बाद एनडीए गठबंधन की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पूरा हो गया है। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार ने दो डिप्टी सीएम समेत 8 मंत्रियों के साथ राजभवन में शपथ ली।
इसी के साथ नीतीश कुमार 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले सीएम बन गए। साथ ही बीजेपी के दो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी पद की शपथ ली। वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की नई गठित सरकार को बधाई दी है।

पीएम मोदी ने किया ट्वीट
पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार के सीएम, उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बिहार में बनी एनडीए सरकार राज्य के विकास और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने आगे कहा, "नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री और सम्राट चौधरी जी एवं विजय सिन्हा जी को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मेरी बहुत-बहुत बधाई। मुझे विश्वास है कि यह टीम पूरे समर्पण भाव से राज्य के मेरे परिवारजनों की सेवा करेगी।"
राजनाथ सिंह ने भी दी बधाई
वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट करते हुए नई सरकार को बधाई दी। उन्होंने लिखा, " बिहार के मुख्यमंत्री पद की पुनः शपथ लेने पर नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले सम्राट चौधरी जी एवं विजय सिन्हा जी को बधाई। यह नई टीम बिहार में विकास और जनकल्याण का नया अध्याय प्रारंभ करे, इसके लिए सभी को मेरी शुभकामनाएं।
कुल 8 नेताओं ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली
शाम को राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कुल 8 नेताओं ने शपथ ली। जिसमें से भाजपा से तीन- सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, प्रेम कुमार।जेडीयू से तीन- विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली।












Click it and Unblock the Notifications