पीएम मोदी ने कल्याण सिंह का लिया हालचाल, CM योगी को हर संभव उपचार मुहैया कराने के दिए निर्देश
नई दिल्ली, जुलाई 5। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की तबियत रविवार शाम को अचानक अधिक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के क्रिटिकल केयर मेडिसिन के ICU में भर्ती कराया गया। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह को फोन किया और उनके पिता का हालचाल पूछा है। इसके अलावा पीएम मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से भी फोन पर बात की है। पीएम मोदी ने सीएम योगी को ये सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम को सर्वोत्तम मेडिकल सुविधाओं के साथ बेहतर इलाज दिया जाए।
Recommended Video
रविवार को सीएम योगी पहुंचे थे अस्पताल
आपको बता दें कि खुद योगी आदित्यनाथ रविवार को ही कल्याण सिंह को देखने के लिए अस्पताल पहुंच गए थे। योगी आदित्यनाथ ने डॉक्टरों को कल्याण सिंह के स्वास्थ्य को लेकर पूरी सतर्कता बरतने को कहा और उनके ट्रीटमेंट में हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश भी दिया है कि वो लगातार उन्हें पूर्व सीएम कल्याण सिंह के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते रहें।
लंबे समय से कल्याण सिंह की तबियत चल रही है खराब
आपको बता दें कि कल्याण सिंह का स्वास्थ्य लंबे समय से खराब चल रहा है। अभी तक उनका इलाज लखनऊ के राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा था, लेकिन ज्यादा तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें रविवार शाम को संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान की क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया। बता दें कि कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं। इसके अलावा वो राजस्थान के राज्यपाल भी रहे हैं। वो उत्तर प्रदेश के उस वक्त मुख्यमंत्री थे, जब अयोध्या में बाबरी मस्जिद को गिराया गया था। इसके बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था।