Maa Vande: मलयालम एक्टर ने PM मोदी पर बायोपिक 'मां वंदे' का किया ऐलान, कब और किन भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म?
PM Narendra Modi Biopic: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन है। देशभर में उनके जन्मदिन को 'सेवा पखवाड़ा' के रूप में मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर एक ऐसा ऐलान हुआ है जिसने सबको चौंका दिया है। अब प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर एक बड़ी बायोपिक बनने जा रही है। इस फिल्म का नाम 'मां वंदे' (Maa Vande) है।
इस फिल्म में प्रधानमंत्री मोदी का किरदार कोई और नहीं, बल्कि मलयालम सिनेमा के चर्चित एक्टर उन्नी मुकुंदन (Unni Mukundan) निभाने वाले हैं। 'मां वंदे' सिर्फ पीएम मोदी के राजनीतिक सफर की कहानी नहीं है, बल्कि उनकी जिंदगी के उन अनछुए पहलुओं को भी दिखाएगी, जिन्होंने उन्हें एक साधारण इंसान से देश का सबसे बड़ा नेता बनाया।

आइए जानते हैं इस फिल्म से जुड़ी कुछ और खास बातें, जो इसे बेहद खास बनाती हैं...
फिल्म में होगा ये खास: मां हीराबेन और मोदी का सफर
'मां वंदे' पीएम मोदी के बचपन से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के सफर को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। फिल्म में उनकी मां हीराबेन मोदी के साथ उनके गहरे रिश्ते को भी दिखाया जाएगा। हीराबेन मोदी को पीएम मोदी के लिए हमेशा से प्रेरणा का स्रोत माना जाता रहा है।
इस फिल्म को डायरेक्टर क्रांति कुमार सी.एच. निर्देशित कर रहे हैं और इसे बड़े पैमाने पर बनाया जा रहा है। इसमें
अल्ट्रा मॉडर्न VFX और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रोडक्शन वैल्यू का इस्तेमाल किया जाएगा।
एक्टर ने फिल्म को लेकर क्या कहा?
एक्टर उन्नी मुकुंदन ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि, वह निर्देशक क्रांति कुमार सी.एच. की आने वाली फिल्म 'मां वंदे' में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किरदार निभाएंगे। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में पले-बढ़े होने के कारण वह बचपन से ही पीएम मोदी को मुख्यमंत्री के रूप में जानते थे।
सम्मानजनक और प्रेरणादायक भूमिका
उन्नी ने कहा कि यह उनके लिए एक बहुत ही सम्मानजनक और प्रेरणादायक भूमिका है। उन्होंने अप्रैल 2023 में हुई अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए बताया कि पीएम मोदी के कहे गए दो शब्द 'झुकवानु नाही' (कभी झुकना नहीं) उनके लिए ताकत और संकल्प का स्रोत बन गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म एक राजनेता से परे, उस व्यक्ति की कहानी दिखाएगी, खासकर उनकी मां के साथ उनके गहरे रिश्ते को। यह फिल्म दुनिया भर में और सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं में रिलीज होगी।
बाहुबली और KGF के दिग्गज करेंगे काम
इस फिल्म की टीम में भारतीय सिनेमा के कुछ सबसे बड़े और मशहूर तकनीशियन (Technicians) शामिल हैं:
- KK सेंथिल कुमार: 'बाहुबली' और 'ईगा' जैसी फिल्मों के जाने-माने सिनेमैटोग्राफर, जो इस फिल्म की सिनेमैटोग्राफी संभालेंगे।
- श्रीकर प्रसाद: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एडिटर, जो फिल्म का एडिटिंग करेंगे।
- सबू सिरिल: मशहूर प्रोडक्शन डिजाइनर, जो फिल्म के भव्य दृश्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
- रवि बसरूर: 'KGF' और 'सालार' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के म्यूजिक कंपोजर, जो फिल्म का संगीत बनाएंगे।
इन भाषाओं में होगी रिलीज, जल्द सामने आएगी तारीख
यह फिल्म 'मां वंदे' सिर्फ हिंदी या मलयालम में नहीं, बल्कि कई भाषाओं में पूरे भारत में रिलीज होगी, जिसमें अंग्रेजी भी शामिल है। फिल्म के मेकर्स का वादा है कि यह एक यादगार सिनेमाई अनुभव होगा। फिलहाल, फिल्म की रिलीज की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications