24 अप्रैल से PM मोदी का तूफानी दौरा, 36 घंटों में 7 शहरों के लिए 5300 किमी का करेंगे सफर
24 अप्रैल से पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं, जिसके तहत पीएम लगभग 5,300 किलोमीटर की चौंका देने वाली हवाई यात्रा करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल से दो दिन की यात्रा करेंग। इस दौरान पीएम मोदी 36 घंटे में 5000 किमी से ज्यादा का सफर करेंगे। पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक वह सात शहरों में आठ कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक 24 अप्रैल से शुरू होने वाली पीएम मोदी की यात्रा के दौरान वह 36 घंटों में देश के अलग-अलग हिस्सों में 5000 किमी से ज्यादा की दो दिवसीय यात्रा करेंगे। इस दौरान वह आठ कार्यक्रमों में भाग लेंगे और सात अलग-अलग शहरों में जाएंगे।
सबसे पहले मध्य प्रदेश जाएंगे
24 अप्रैल को सबसे पहले पीएम मोदी दिल्ली से मध्य प्रदेश की यात्रा करेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि मध्य प्रदेश के बाद पीएम मोदी केरल जाएंगे, वहां से पश्चिम में केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए दिल्ली वापस लौट आएंगे।
पीएम मोदी के इस कार्यक्रम पर अधिकारियों ने बताया कि 24 अप्रैल की सुबह वह अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। जहां दिल्ली से खजुराहो तक यात्रा करते हुए रीवा जाएंगे। वहां वो एक राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां से वे 200 किमी की यात्रा करते हुए खजुराहो वापस आएंगे। इसके बाद कोच्चि की यात्रा करेंगे। यहां वे 1700 किमी की हवाई यात्रा करते हुए युवम कॉन्क्लेव में हिस्सा लेंगे।
केरल की पहली वंदे भारत करेंगे रवाना
अगली सुबह पीएम कोच्चि से तिरुवनंतपुरम की यात्रा करेंगे, लगभग 190 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यहां, वह वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे और विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। यहां से वह सिलवासा की यात्रा करेंगे। सूरत के रास्ते लगभग 1570 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए NAMO मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे। साथ ही विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे।
इसके अलावा पीएम मोदी देवका सीफ्रंट के उद्घाटन के लिए दमन की यात्रा करेंगे, जिसके बाद वह लगभग 110 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सूरत जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि सूरत से पीएम मोदी वापस दिल्ली जाएंगे और अपने यात्रा कार्यक्रम में 940 किमी और जोड़ेंगे। ऐसे में पावर-पैक शेड्यूल में प्रधानमंत्री लगभग 5,300 किलोमीटर की चौंका देने वाली हवाई यात्रा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications