कोरोना वैक्सीनेशन में भारत का नया रिकॉर्ड, आज लगाई गईं 1 करोड़ डोज
नई दिल्ली, 27 अगस्त: पिछले साल भारत में फैली कोरोना महामारी ने काफी नुकसान किया है, जिस वजह से उसके खिलाफ युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को नया रिकॉर्ड बना, जहां एक दिन में 1 करोड़ वैक्सीन की डोज लोगों को दी गई। 17 जनवरी से अभियान शुरू होने के बाद ये एक दिन का अधिकतम आंकड़ा है। वहीं इस रिकॉर्ड के बाद कई बड़ी हस्तियों ने स्वास्थ्य कर्मियों और जनता को बधाई दी है।

वहीं एक दिन में एक करोड़ वैक्सीन लगने पर पीएम मोदी ने भी ट्वीट करते हुए लिखा कि आज टीकाकरण की संख्या रिकॉर्ड करें! 1 करोड़ को पार करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। टीकाकरण कराने वालों और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने वालों को बधाई।
इससे पहले शुक्रवार शाम 7:23 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर लिखा कि नागरिकों को बधाई क्योंकि आज भारत में कुल 90 डोज अभी तक लगाई गई हैं। साथ ही ये अभियान अभी भी जारी है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक लम्हा बताया। इसके साथ ही देशभर में टीकाकरण का आंकड़ा 62 करोड़ के पार पहुंच गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 18-44 आयु वर्ग के 23,72,15,353 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक ले ली है, जबकि 2,45,60,807 व्यक्ति ऐसे हैं जिनको दोनों डोज लग गई हैं। वहीं शुक्रवार को टीकाकरण अभियान को 224 दिन पूरे हुए, जिसमें अब तक जनता को 60,07,654 डोज लगाई गई।
इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि 4.05 करोड़ से ज्यादा कोविड वैक्सीन की खुराक अभी भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास उपलब्ध है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया था कि कुल वयस्क आबादी के कम से कम 50 प्रतिशत को वैक्सीन की पहली खुराक दे दी गई है।
ये हैं मरीजों के आंकड़े
शुक्रवार को जारी अपडेट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कोरोना के 44,658 नए मामले सामने आए। वहीं 496 लोगों की मौत हुई है। जबकि 32,988 लोग कोविड-19 से ठीक हो गए हैं। ऐसे में देश में कुल मरीजों की संख्या 3,26,03,188 हो गई, जिसमें 3.44 लाख की अब तक मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications