कोरोना वायरस पर गुट निरपेक्ष देशों की बैठक आज, पीएम मोदी भी होंगे शामिल
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से फैली महामारी पर चर्चा और इससे निपटने के तरीकों पर आज (4 मई) गुट निरपेक्ष देशों (एनएएन) की बैठक होगी। भारत की ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे और संबोधित करेंगे। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर भी बैठक में रहेंगे। ये बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव की पहल पर ये बैठक रही है। इल्हाम अलीयेव की लीडरशिप में ही ये बैठक होगी। पड़ोसी देश पाकिस्तान की ओर से बैठक में राष्ट्रपति आरिफ अल्वी शिरकत करेंगे।

भारतीय समय के अनुसार शाम 4.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे पहले 2016 और 2019 में पीएम मोदी एनएएम देशों की बैठक में शामिल नहीं हुए थे। मोदी भारत के (कार्यकाल पूरी करने वाले) पहले ऐसे पीएम थे, जिन्होंने एनएएम देशों की बैठक छोड़ी हो।
बैठक के बाद 'कोविड-19 के खिलाफ एकजुटता' विषय पर गुट निरपेक्ष आंदोलन के सदस्य देश एक राजनीतिक दस्तावेज जारी करेंगे। दस्तावेज में इस बात की भी चर्चा होगी कि एनएएम के सदस्य देश कोरोना के खिलाफ जंग में कैसे आपसी सहयोग बढ़ाएं और मानवता के सामने संकट बनकर उभरी इस बीमारी का उपचार तलाशें। बता दें कि एनएएम एक बड़ा समूह है, जिसमें एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के 120 देश शामिल हैं।
बता दें कि दुनियाभर में कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है। दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या 35 लाख के पार पहुंच गई है। वहीं करीब ढाई लाख लोगों की मौत हो चुकी है। दुनियाभर में अब तक 35,63,689 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया जा चुका है। अब तक 2,48,146 लोगों की मौत कोरोना की वजह से हो चुकी है। अब तक दुनियाभर में कोरोना से ठीक हुए लोगों की संख्या 11,53,253 है। अमेरिका दुनिया का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। अमेरिका में कोरोना संक्रमित लोगों की तादाद 12 लाख के करीब पहुंच चुकी है। वहीं 68,598 मौतें अमेरिका में कोरोना से हुई हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। इटली में 28,884, इंग्लैंड में 28,446, स्पेन में 25,264, फ्रांस में 24,894, बेल्जियम में 7844, जर्मनी में 6866 और इरान में 6203 लोगों की जान ये वायरस ले चुका है।












Click it and Unblock the Notifications