'हार की हैट्रिक, नर्वस 90, तीसरा असफल लॉन्च, आखिर किस चीज का मना रहे जश्न', पीएम मोदी का कांग्रेस पर तंज
PM Modi Speech in Rajya Sabha: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर चर्चा के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में जवाब दिया। पीएम मोदी ने कहा कि इस चर्चा को 70 सदस्यों ने अपने विचार रखें। पीएम ने कहा कि भारत की आजादी के इतिहास में बहुत दशकों बाद देश की जनता ने एक सरकार को तीसरी बार देश की सेवा करने का अवसर दिया है।
हमारे कांग्रेस के लोग खुशी में मगन हैं, मैं समझ नहीं पाता हूं कि इस खुशी का कारण क्या है। क्या ये खुशी हार की हैट्रिक पर है, क्या यह खुशी नर्वस 90 के शिकार होने पर है। क्या यह खुशी एक और असफल लॉन्च की है?

60 साल में ऐसा कभी नहीं हुआ
पीएम ने कहा कि 60 साल के बाद यह हुआ है कि 10 साल के बाद किसी सरकार की वापसी हुई है। मैं जानता हूं कि भारत के लोकतंत्र में छह दशक के बाद आई घटना असामान्य घटना है। कुछ लोग जानबूझकर उससे अपना मुंह फेरकर बैठे रहे।
अब स्वीकारने लगे हैं पराजय
कुछ लोगों को समझ नहीं आया। जिनको समझ आया उन्होंने ऐसा हो-हल्ला किया कि देश की जनता के इस महत्वपूर्ण निर्णय को ब्लैकआउट किया जाए। मैं दो दिन से देख रहा हूं कि आखिर तक पराजय स्वीकार हो रही है और विजय को भी दबे मन से स्वीकार किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 वर्षों के अखंड, एकनिष्ठ, अविरत सेवाभाव से किए गए कार्य को देश की जनता ने जी भरकर समर्थन दिया है। देश की जनता ने आशीर्वाद दिया है।
प्रोपेगेंडा परास्त
इस चुनाव में देशवासियों की विवेक बुद्धि पर गर्व होता है, उन्होंने प्रोपेगेंडा को परास्त कर दिया है। देश की जनता ने परफॉर्मेंस को प्राथमिकता दी है। छल की राजनीति को देशवासियों ने ठुकराया है, भरोसे की राजनीति पर विजय की मुहर लगाई है।
संविधान के 75वें वर्ष में हम प्रवेश कर रहे हैं, इस सदन के लिए भी यह पड़ाव विशेष है, इसके भी 75 वर्ष हुए हैं। यह एक सुखद संयोग है। जिनके परिवार में कोई सरपंच, प्रधान नहीं रहा है, राजनीति से कोई सरोकार नहीं रहा है, लेकिन वो आज अनेक महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर देश के अहम पदों पर पहुंचकर देश की सेवा कर रहे हैं।
लोगों ने हमपर भरोसा जताया
इसका कारण बाबा साहब हैं, जिन्होंने देश को यह संविधान दिया है। मेरे जैसे अनेक लोग हैं जिनको बाबा साहब द्वारा दिए गए संविधान के कारण यहां तक आने का मौका मिला है। देश की जनता ने मुहर लगाई और तीसरी बार हमें यहां आने का मौका मिला।
संविधान हमारे लिए कोई आर्टिकल का कंपाइलेशन मात्र नहीं है। हमारे लिए उसका स्पिरिट और शब्द बहुत मूल्यवान हैं। हमारा मानना है कि किसी भी सरकार के लिए, किसी सरकार के कार्य-कलापों में हमारा संविधान दिशा दर्शक क काम करता है। हमारा मार्गदर्शन करता है।












Click it and Unblock the Notifications