'आखरी सांस तक जनता की सेवा करूंगा', 'बाप भी जाएगा' पर PM मोदी का जोरदार पलटवार! भाषण की 5 बड़ी बातें

गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा की जनसभा से विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया "मोदी का बाप भी जाएगा" वाले बयान का नाम लिए बिना पीएम ने साफ कर दिया कि वे जीवन के अंतिम क्षण तक भारत की जनता की सेवा करते रहेंगे।

पीएम मोदी ने कहा, 'आखरी सांस तक, जीवन के अंतिम क्षण तक जनता की सेना में रहूंगा।'बनासकांठा में अनोखे अंदाज में आयोजित इस रैली में किसानों के बैठने के लिए कुर्सियों की जगह चारपाइयां बिछाई गई थीं। पीएम ने इस पहल को गांवों की जीवंत परंपरा बताया और चुटकी लेते हुए कहा कि अगर गिनीज बुक वाले आते तो यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बन जाता। आइए जानें पीएम मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें।

PM Narendra Modi Gujarat Visit

दुर्भाग्य से कुछ लोगों को देश की तरक्की बर्दाश्त नहीं हो रही: PM मोदी

पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों में जारी जंग का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष की नीयत पर सवाल उठाए। पीएम ने कहा,

"दुर्भाग्य से कुछ लोगों को देश की तरक्की बर्दाश्त नहीं हो रही है। जब देश किसी मुश्किल में होता है, तो ऐसे लोगों को खुशी मिलती है। ईरान और खाड़ी क्षेत्र के तनाव के बीच कुछ लोग खाद की किल्लत और रसोई गैस न मिलने की अफवाहें फैलाकर देश में अफरा-तफरी का माहौल बनाना चाहते थे ताकि मोदी को बदनाम किया जा सके। लेकिन युद्ध के बावजूद हमने किसानों के लिए खाद और जनता के लिए सिलेंडर की कमी नहीं होने दी।"

बनासकांठा के आलू और राहुल गांधी पर मजेदार तंज

रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बनासकांठा के मशहूर आलू का जिक्र किया और राहुल गांधी का नाम लिए बिना तंज कसा। पीएम मोदी ने कहा कि यहां आकर कोई यह नहीं दावा करता कि वे आलू से सोना बनाएंगे, क्योंकि बनासकांठा के मेहनती किसान अपनी तकनीक से आलू से ही सोना उगाने का हुनर जानते हैं। 25 साल पहले के दिनों को याद करते हुए पीएम ने बताया कि 2001 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम भी इसी जिले में हुआ था, जहां 93 लाख लोग पहुंचे थे।

पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें

  • बिजली-पानी की बचत का संदेश: पीएम ने कहा कि 25 साल पहले जब वे बिजली-पानी बचाने की बात करते थे तो लोग विरोध करते थे। आज स्थितियां बदली हैं, लेकिन पानी और बिजली की बचत का संकल्प अब भी जरूरी है।
  • गोबर से अतिरिक्त कमाई: सरकार बायोगैस, बायो सीएनजी और जैविक खाद का ढांचा मजबूत कर रही है ताकि किसानों की गोबर और पराली से भी अच्छी आमदनी हो सके।
  • मुफ्त पशु टीकाकरण से बढ़ा दूध उत्पादन: 8 करोड़ से अधिक मवेशियों को मुफ्त टीके लगाए गए। इस वजह से 2013-14 में प्रति गाय-भैंस औसतन 5 लीटर मिलने वाला दूध उत्पादन अब बढ़कर 8 लीटर हो गया है।
  • कृषि बजट में 5 गुना बढ़ोतरी: 2013-14 की तुलना में देश का कृषि बजट अब 5 गुना बढ़ा दिया गया है, जिससे सीधे 10 करोड़ किसानों को फायदा पहुंच रहा है।
  • एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस: शनिवार (31 अक्टूबर) को पीएम मोदी एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शिरकत करेंगे।

PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी

बनासकांठा के इस मंच से पीएम मोदी ने देश के किसानों को बहुत बड़ी सौगात दी।

किसान सम्मान निधि: पीएम ने किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। इसके जरिए 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों के बैंक खातों में ₹18,690 करोड़ से अधिक की रकम सीधे ट्रांसफर की गई।

गुजरात को फायदा: इस योजना के तहत गुजरात के 50 लाख से ज्यादा किसानों को ₹1,000 करोड़ मिले हैं, जिसमें केवल बनासकांठा के किसानों के खाते में ₹50 करोड़ पहुंचे हैं।

अन्य विकास कार्य: इसके साथ ही ₹14,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, साथ ही दो नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+