PM Modi Saudi Arabia Visit: आसमान में दिखा दोस्ती का संदेश, सऊदी फाइटर जेट्स ने दी पीएम मोदी को खास सलामी
PM Modi Saudi Arabia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर सऊदी अरब पहुंचे हैं। यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक और प्रतीकात्मक है। इस दौरान पीएम मोदी की सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिला जैसे ही प्रधानमंत्री का विशेष विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ वैसे ही रॉयल सऊदी एयरफोर्स की ओर से एक विशेष सद्भावना प्रदर्शन किया गया।
प्रधानमंत्री के विमान को सऊदी अरब की वायुसेना के अत्याधुनिक F-15 फाइटर जेट्स ने आसमान में घेर लिया और उन्हें पूरी तरह से सुरक्षा प्रदान की।

दरअसल, यह सऊदी अरब का एक परंपरागत सम्मान है जो केवल विशेष अतिथियों को दिया जाता है। इस प्रकार की हवाई सुरक्षा और स्वागत केवल गिने-चुने नेताओं को ही प्राप्त होता है, जो भारत और सऊदी अरब के बीच गहरे होते संबंधों का प्रतीक है। सऊदी अरब द्वारा उन्हें दी गई सम्मानजनक हवाई सुरक्षा इस बढ़ती हुई वैश्विक स्वीकार्यता और सम्मान का प्रतीक है।
देखें हवा में पीएम मोदी को सम्मानित करते रॉयल सऊदी एयरफोर्स के विमान की रोमांचक वीडियो।
PM Modi Saudi Arabia: पीएम मोदी का सऊदी दौरा कई मायनों में अहम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के विशेष निमंत्रण पर मंगलवार, 22 अप्रैल की सुबह जेद्दा के लिए रवाना हुए। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है, जिसमें व्यापार, निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, रणनीतिक साझेदारी और डिजिटल इनोवेशन जैसे विषय प्रमुख हैं।
प्रधानमंत्री के इस दौरे का उद्देश्य न केवल दोनों देशों के बीच पारंपरिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाना है, बल्कि यह उभरती वैश्विक चुनौतियों के बीच रणनीतिक सहयोग को और सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक अहम कदम है। भारत और सऊदी अरब के बीच हाल के वर्षों में व्यापार और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, और इस यात्रा से इन संबंधों को और गति मिलने की उम्मीद है।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा उस समय हो रही है जब वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका लगातार सशक्त होती जा रही है और सऊदी के साथ संबंध मजबूत हो रहे हैं। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री कई उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे, जिनमें रणनीतिक सहयोग परिषद की बैठक और द्विपक्षीय वार्ताएं शामिल हैं।
साथ ही, दोनों देशों के शीर्ष उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ संवाद भी इस यात्रा का अहम हिस्सा होगा। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा इस बात का प्रमाण है कि भारत अब केवल एक क्षेत्रीय शक्ति नहीं बल्कि एक वैश्विक रणनीतिक भागीदार के रूप में भी उभर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications