PM Modi Rajya Sabha: विपक्ष को 1993 का आईना दिखाकर क्या पीएम मोदी ने मणिपुर पर पलट दी बाजी?
PM Modi on Manipur in Rajya Sabha: मणिपुर की घटनाओं पर विपक्ष पिछले एक साल से केंद्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बना रहा है। मंगलवार को प्रधानमंत्री जब लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे, तो लगातार 'जस्टिस फॉर मणिपुर' के नारे लग रहे थे।
दरअसल, 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद के संयुक्त सत्र के अभिभाषण में मणिपुर का जिक्र नहीं हुआ तो कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष ने इसे फिर से मुद्दा बनाने की कोशिश की। लोकसभा में पीएम मोदी के भाषण के दौरान लगातार इसको लेकर नारेबाजी होती रही।

मणिपुर में शांति बहाली की तमाम कोशिशें जारी- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में तो कुछ नहीं कहा, लेकिन बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए मणिपुर पर सरकार का पक्ष रखने की भरपूर कोशिश की। उन्होंने कहा कि सरकार पूर्वोत्तर के इस संघर्ष में उलझे राज्य में शांति बहाली की तमाम प्रयास कर रही है।
कुछ तत्व आग में तेल डालने का काम कर रहे हैं- प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने विपक्ष से मणिपुर के मुद्दे पर राजनीति से ऊपर उठने को कहा। वे बोले, 'कुछ तत्व आग में तेल डालने का काम कर रहे हैं और मणिपुर की जनता ऐसे तत्वों को नकार देगी।'
उन्होंने बताया, 'मणिपुर पर मैंने पिछले सत्र में विस्तार से बात की थी। लेकिन, मैं एक बार फिर से दोहराना चाहता हूं। मणिपुर में हालात को स्थिर करने के लिए सरकार अथक कोशिशें कर रही है। वहां जो भी घटनाएं हुई हैं, 11,000 से अधिक एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। मणिपुर एक छोटा प्रदेश है। 500 से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।'
मणिपुर पर मोदी ने कांग्रेस को दिखाया आईना
प्रधानमंत्री ने बताया कि जिन्हें मणिपुर का इतिहास पता है, वे जानते हैं कि वहां लंबा सामाजिक संघर्ष चला है। कोई नहीं इनकार कर सकता कि संघर्ष की जड़ें कितनी गहरी हैं। वे बोले, 'कांग्रेस के लोगों को नहीं भूलना चाहिए कि इस कारण, वहां 10 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। कुछ मुद्दे हैं....और यह हमारे कार्यकाल में नहीं हुआ है। फिर भी राजनीतिक लाभ के लिए जिस तरह के प्रदर्शन हो रहे हैं, वे शर्मनाक हैं।'
प्रधानमंत्री ने बताया कि '1993 इसी तरह की घटनाओं का एक सिलसिला चला था और यह इतना बड़ा था कि पांच वर्षों तक रहा था। सभी चीजों को समझते हुए हमे हालात बेहतर करने के सारे प्रयास करने हैं। जो भी सहयोग करना चाहते हैं, हम उनका स्वागत करते हैं। हम शांति स्थापित करने के लिए काम कर रहे हैं।'
'मणिपुर के ज्यादातर हिस्सों में हालात सामान्य'
पीएम मोदी के मुताबिक आज राज्य का ज्यादातर हिस्सा सामान्य जीवन जी रहा है। स्कूल, कॉलेज और ऑफिस सामान्य दिनों की तरह चल रहे हैं। देश के दूसरे हिस्सों की तरह परीक्षाएं भी आयोजित हुई थी। प्रधानमंत्री ने कहा है कि ऐसा कभी नहीं हुआ कि केंद्रीय गृहमंत्री कई दिनों तक मणिपुर में रहे हों। गृहराज्मंत्री ने हफ्तों तक वहां रुक कर सभी स्टेक होल्डर्स से बात की थी।
पिछले साल 3 मई के बाद से मणिपुर में मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच से लगातeर जातीय संघर्ष चला है। इसकी वजह से हजारों लोक वहां से विस्थापित होकर पड़ोसी राज्यों में शरण लेने को भी मजबूर हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications