'दीदी ने बंगाल में हार स्वीकार कर ली है', ममता के वाराणसी से चुनाव लड़ने पर PM मोदी ने साधा निशाना
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना स्थित सोनारपुर में जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस दौरान ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। ममता बनर्जी के वाराणसी से चुनाव लड़ने वाले बयानों पर पीएम ने कहा, इसका मतलब है दीदी ने बंगाल में हार स्वीकार कर ली है और वह बंगाल से बाहर जमीन तलाश रही हैं।

पीएम मोदी ने कहा "दीदी की पार्टी अब कह रही है कि दीदी अब वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। ये बयान आने के बाद दो बातें स्पष्ट हो जाती हैं। एक तो दीदी ने बंगाल में अपनी पराजय स्वीकार कर ली है। दूसरी बात दीदी अब बंगाल के बाहर अपने लिए जगह तलाश करने में जुट गई हैं।"
Recommended Video
क्या था मामला ?
पिछले 1 अप्रैल को पीएम मोदी ने एक रैली में कहा था कि उन्हें खबर मिली है कि नंदीग्राम में हार पक्की होने के बाद ममता बनर्जी अब दूसरी सीट तलाश रही हैं। पीएम के इस दावे को खारिज कर दिया था। यही नहीं पीएम के बयान पर टीएमसी नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा था कि पीएम को चिंता करनी चाहिए क्योंकि दीदी अब वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। पीएम मोदी ने इसी को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधा है।
पीएम ने आगे कहा "अच्छा है विधानसभा हारने के बाद दीदी को लोकसभा को जरूर हाथ आजमाना चाहिए।" पीएम ने इस दौरान वाराणसी से हल्दिया जलमार्ग का जिक्र करते हुए कहा कि "हल्दिया से वाराणसी का जो वाटरवे विकसित हुआ है उसके चलते ही आपका मन वाराणसी की तरफ मुड़ गया होगा।"
पीएम मोदी ने ममता बनर्जी के उन्हें बाहरी बताने को लेकर भी पलटवार किया। पीएम ने कहा "दीदी, मैं आपको एक बात बता रहा हूं कि जब आप वाराणसी से चुनाव लड़ेंगी तो मेरे बनारस के लोग, यूपी के लोग इतने बड़े दिलवाले हैं कि आपको बाहरी और टूरिस्ट नहीं कहेंगे।"
हर-हर महादेव का क्या करेंगी?- पीएम
इसके साथ ही पीएम मोदी ने जय श्री राम के नारे को लेकर भी ममता पर वार किया। पीएम ने कहा दीदी, बंगाल की तरह वाराणसी के लोग भी बड़े दिल वाले हैं। लेकिन जब आप वहां जाएंगी तो आप बहुत सारे सिंदूर लगाए और चोटी वाले लोगों से मिलेंगी। आपको तो जय श्री राम का नारा इतना परेशान करता है, वहां तो आपको हर दो मिनट पर हर-हर महादेव सुनना पड़ेगा। तब आप क्या करेंगी ?












Click it and Unblock the Notifications