अरुणाचल के स्थापना दिवस पर बोले पीएम- तेज गति से हो रहा विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे का भी निर्माण
नई दिल्ली, 20 फरवरी: अरुणाचल प्रदेश के 36वें स्थापना दिवस और इसके नामकरण के 50 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने वहां की जनता के नाम एक संदेश जारी किया। जिसमें प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अरुणाचल प्रदेश में विकास को गति देने के लिए अभूतपूर्व काम किया है। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसकी भूमिका को देखते हुए आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण भी किया जा रहा। पीएम का मानना है कि पूर्वोत्तर 21वीं सदी में देश के विकास का इंजन होगा।

पीएम ने जोर देकर कहा कि सरकार अरुणाचल प्रदेश को पूर्वी एशिया का प्रमुख प्रवेश द्वार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। जनता ने सीएम पेमा खांडू के नेतृत्व वाली सरकार पर विश्वास जताया था। उन्हें खुशी है कि वो सही दिशा में काम कर रही। जनता का विश्वास डबल इंजन सरकार को और अधिक मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करता है। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' का ये मार्ग अरुणाचल के बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ईटानगर के साथ-साथ पूर्वोत्तर की सभी राजधानियों को रेल से जोड़ना बीजेपी सरकार की प्राथमिकता रही है। कनेक्टिविटी और बिजली के बुनियादी ढांचे पर व्यापक काम अरुणाचल में जीवन और व्यापार को आसान बना रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अरुणाचल बहुत जरूरी राज्य है, ऐसे में वहां पर आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जा रहा है।
पीएम मोदी के मुताबिक आंग्ल-अबोर युद्ध हो या आजादी के बाद सीमा की सुरक्षा, अरुणाचल के लोगों की वीरता की गाथाएं हर भारतीय के लिए अमूल्य धरोहर हैं। वहां की संस्कृति ने भी अन्य राज्य के लोगों को काफी ज्यादा प्रभावित किया है। राज्य के लोगों की तारीफ करते हुए पीएम ने कहा कि आपके प्रयासों से अरुणाचल जैव विविधता के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में से एक है। उन्होंने राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले किरेन रिजिजू की भी जमकर तारीफ की।












Click it and Unblock the Notifications