2024 में दक्षिण भारत से भी चुनाव लड़ सकते हैं पीएम मोदी, 'सुरक्षित' सीट की तलाश?
भारतीय जनता पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए इस बार दक्षिण भारत पर भी काफी फोकस कर रही है। जानकारी के मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से कहा है कि वह सुनिश्चित करें कि अगले चुनाव में उनके राज्यों से अच्छी संख्या में बीजेपी के सांसद चुने जाएं।
अंग्रेजी अखबार द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को नड्डा ने हैदराबाद में पार्टी नेताओं के साथ बैठक में यह निर्देश दिए हैं। बंद कमरे में हुई इस बैठक में दक्षिणी राज्यों में पार्टी की संगठनात्मक शक्ति और मौजूदा राजनीतिक हालातों पर भी चर्चा की गई।

नड्डा ने हैदराबाद में की पार्टी नेताओं के साथ बैठक
नड्डा के साथ इस बैठक में संबंधित राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के अलावा तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गोवा, पुडुचेरी और अंडमान और निकोबार द्वीप के पार्टी प्रभारी भी उपस्थित रहे। नड्डा के अलावा इस बैठक में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पार्टी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ-साथ तरुण चुग, सुनील बंसल और वी सतीश की भी विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर मौजूदगी रही।
बैठक में तेलंगाना के बड़े नेता शामिल
इस बैठक में तेलंगाना की ओर से पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, पूर्व मंत्री डीके अरुणा और राज्यसभा सांसद के लक्ष्मण के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के प्रदेश प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर भी शामिल थे। जानकारी के मुताबिक इस बैठक में नड्डा ने प्रदेश के नेताओं से कहा कि केंद्रीय नेतृत्व 2024 के आम चुनाव और इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव की एक रणनीति तैयार करेगा।
दूसरे दलों के नेताओं को जोड़ने पर भी फोकस
यह भी बताया जा रहा है कि इस दौरान नड्डा ने जी किशन रेड्डी और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एटाला राजेंद्र को यह सुनिश्चित करने को कहा कि आगे कोई भी नेता पार्टी छोड़कर दूसरे दलों में न जाएं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष ने नेताओं से कहा कि नेतृत्व ने हाल में राज्य संगठन में कुछ बदलाव किए हैं, इसलिए यह ध्यान रखना जरूरी है कि कोई नेता पार्टी से ना निकले, बल्कि दूसरे दलों के असंतुष्ट नेताओं को लाने पर फोकस करना चाहिए।
2024 में दक्षिण भारत से भी चुनाव लड़ सकते हैं पीएम मोदी- रिपोर्ट
लेकिन, इस रिपोर्ट में बीजेपी सूत्रों के हवाले से सबसे बड़ी जानकारी ये दी गई है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में क्षेत्र के लोगों तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दक्षिण से भी चुनाव लड़ने की संभावना है। सूत्रों ने यहां तक जानकारी दी है कि उनके लिए एक 'सुरक्षित' सीट की तलाश की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications