देश में आज से 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाई जाएगी बिरसा मुंडा जयंती, पीएम मोदी ने किया ऐलान
नई दिल्ली, 15 नवंबर। देश में आदिवासी समाज के भगवान कहे जाने वाले बिरसा मुंडा की आज 146वीं जयंती है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से बिरसा मुंडा संग्रहालय का उद्घाटन किया। ये संग्रहालय बिरसा मुंडा की याद में रांची में बनाया गया है। इस मौके पर पीएम मोदी ने आदिवासी समाज के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज से हर 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जी की जयंती को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। पीएम ने कहा कि ये ऐतिहासिक निर्णय है, जो राष्ट्र ने आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर लिया है।
Recommended Video

आज का दिन मेरे लिए भावुक करने वाला है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने अपने जीवन का काफी समय आदिवासी भाई-बहनों और बच्चों के साथ बिताया है, मैं उनकी जिंदगी के कई पहलुओं से परिचित रहा हूं और ये अच्छे से जानता हूं कि उनके लिए भगवान बिरसा मुंडा की क्या महत्वता है। पीएम ने कहा कि आज का दिन मुझे भावुक करने वाला दिन है। आपको बता दें कि वर्चुअल माध्यम से आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए थे।
'अटल बिहारी वाजपेयी जी की कोशिशों से बना था झारखंड'
पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन सिर्फ आदिवासी समाज के लिए ही बड़ा दिन नहीं है, बल्कि पूरे झारखंड के लिए आज विशेष दिन है, क्योंकि आज ही के दिन झारखंड अस्तित्व में आया था और ये पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी जी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण संभव हुआ था। उन्होंने ही अलग जनजातीय मामलों का मंत्रालय बनाया था और जनजातीय हितों को राष्ट्र की नीतियों से जोड़ा था। आज झारखंड स्थापना दिवस पर मैं भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देता हूं।
9 और राज्यों में शुरू होंगे आदिवासी संग्रहालय- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इस दौरान बताया कि उन्होंने ही हर राज्य में आदिवासी समाज के लिए एक संग्रहालय की स्थापना करने का आह्वान हर राज्य से किया था और मुझे खुशी है कि इसकी शुरुआत झारखंड से हो रही है। पीएम मोदी ने बताया के आज झारखंड में इस संग्रहालय की शुरुआत हो रही है, लेकिन आने वाले समय में हम जल्द ही 9 और राज्यों में आदिवासी संग्रहालयों की शुरुआत होते हुए देखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications